मांझी(सारण)। शनिवार की रात मांझी के मियाँ पट्टी निवासी शिक्षक तथा प्रसिद्ध देसी चिकित्सक डॉ रियाजुद्दीन 40 वर्ष का हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया। निधन की खबर पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। नाते रिश्तेदारों की भीड़ में शामिल रोते बिलखते लोगों की हालत देखकर वहां मौजूद हर कोई रो पड़ा। पत्नी बार बार बेहोश हो जा रही थी। तथा उनके पुत्र स्तब्ध होकर आने जाने वालों को एकटक निहार रहे थे। निधन की खबर पाकर आस पास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई तथा उनके आवास पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मृतक रिबिलगंज प्रखंड के सिताब दियारा मध्य विद्यालय में शिक्षक के पद पर पदस्थापित थे। मूलतः छपरा शहर के गुदरी मुहल्ले के रहने वाले रियाजुद्दीन लगभग 10 वर्षों से मांझी में रहकर जर्राह डॉक्टर के रूप में काफी मशहूर हो गए थे। बेहद सामाजिक व मृदुभाषी शिक्षक व चिकित्सक के परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र हैं। छोटे भाई सिराजुद्दीन भी मांझी में गंवई चिकित्सक जर्राह के रूप में मरीजों का इलाज करते है। रविवार की शाम को मृतक के मिट्टी मजल कार्यक्रम में हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। मियां पट्टी स्थित कब्रिस्तान में उन्हें दफनाया गया। जहां अनेक गणमान्य लोगों ने कब्र में मिट्टी डालकर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।