वायरल वीडियो @जहानाबाद : अब तक 4 गिरफ्तार, शेष की तलाश जारी
दैनिक खोज खबर डेस्क
बीते 28 अप्रैल को एक युवती के साथ छेड़खानी व दरिंदगी का वीडियो वायरल होने के बाद जहानाबाद पुलिस ने त्वरित कार्यवाई करते हुवे अब तक चार युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
मामले की जांच कर रहे जहानाबाद एसपी मनीष ने बताया कि शेष लड़को की गिरफ्तारी शीघ्र कर ली जाएगी। वायरल वीडियो मामले में जहानाबाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुवे नगर थाने में एक सब इंस्पेक्टर के बयान पर मामला दर्ज कर जांच करते हुए चार युवकों को गिरफ़्तार किया है। वही जिस युवती के साथ युवकों ने छेड़खानी व दरिंदगी की है पुलिस ने उस युवती की भी पहचान कर ली है। युवती का मेडिकल जांच सदर अस्पताल में कराया गया है।

मानवता को शर्मसार करने वाला यह वायरल वीडियो जहानाबाद के भरथुआ नहर पर शूट किया गया है। आपको बता दे कि भरथुआ नहर से एसपी व डीएम कार्यालय की दूरी महज दो किलोमीटर से भी कम है।
इस मामले में पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया है कि यह घटना 25 अप्रैल की है। वह अपने सहेली के साथ कोचिंग करने गयी थी। वहां से उसे फ़ोटो खिंचाने जाना था मगर जब वह स्टूडियो पहुँची तो स्टूडियो बन्द था। तभी पीड़िता की सहेली का भाई आया और उसने बाइक से उसे घर छोड़ने की बात कह बाइक पर बिठा लिया। उक्त युवक (अब आरोपी) उसे जहानाबाद घोषि रोड होते हुवे घर छोड़ने की बात कह भरथुआ नहर के सुनसान रास्ते पर ले गया। नहर पर युवक ने युवती से छेड़खानी का प्रयास किया तभी और युवक आये और अपने साथियों को फोन कर बुलाया। फिर जो हुआ वो वीडियो में है। किसी तरह लड़की जान बचाकर वहां से निकली फिर उसकी सहेली के दोस्त ने उसके लिए कपड़े की व्यवस्था की और युवती ने एक पेट्रोल पम्प के बाथरूम में कपड़े बदले और घर आई।

सहमी युवती ने इस घटना के बारे में परिजनों को नही बताया। लेकिन तभी 28 अप्रैल को इस घटना का वीडियो वायरल हुआ जिसके बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुवे कार्यवाई शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नैयर हसनैन खान ने मामले की जाँच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है। जहानाबाद एसपी मनीष भी मामले की जांच में लगे हैं। पुलिस ने पीड़िता की सहेली के भाई को भी अब आरोपी बनाया है वहीँ घटनास्थल पर वीडियो में जो बाइक दिख रही है पुलिस ने उसके ऑनर (मालिक) की भी पहचान कर ली है।
एसपी मनीष का कहना है कि दोषियों को बख्शा नही जाएगा, वीडियो में दिख रहे अन्य युवकों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




Recent Comments