मांझी(सारण)रविवार को मांझी के राम घाट पर नहाने के दौरान सरयू में डूबे सीतामढ़ी के चांद बाबू का शव बरामद कर लिया गया। मांझी थाना पुलिस ने कागजी औपचारिकता पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। बतातें चलें कि रविवार को दोपहर करीब आधा दर्जन लोगों के साथ नहा रहा चांद बाबू नदी की चक्रवात धारा में फंसकर डूब गया था। तथा मांझी के सीओ दिलीप कुमार के निर्देश पर मांझी थाने में पदस्थापित एसआई जितेंद्र सिंह तथा राजस्व कर्मचारी मोतीलाल प्रसाद की उपस्थिति में समाजसेवी कृष्णा सिंह पहलवान ने नाव व गोताखोरों के साथ शव ढूंढने का प्रयास किया था परंतु शव बरामद नही हो सका था। शव बरामद होने के बाद मृतक के बहनोई मनोज यादव उर्फ बाड़ी तथा किशोर यादव समेत अन्य परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे।तथा राम घाट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। शव बरामद होने की सूचना परिजनों को दे दी गई हैं। मालूम हो कि मृतक अपने बहनोई के साथ मांझी चट्टी पर रहकर सब्जी का दुकान चलाता था।