
मांझी (सारण)। यूपी से जयप्रभा सेतु के रास्ते बलिया मोड़ पहुंच रहे भूखे प्यासे प्रवासियों को खाना पानी मुहैय्या कराने के लिए सरकारी व गैर सरकारी स्तर पर होड़ सी लग गई है। सारण जिला प्रशासन द्वारा शुरू कराये गए भोजनालय में प्रवासी दिन रात भोजन कर रहे हैं तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई बसों से अपने गंतब्य को रवाना हो रहे हैं। सोमवार को मांझी प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष अशोक सिंह ने स्थानीय बलिया मोड़ पर सैकड़ों प्रवासियों के बीच खाना के पैकेट तथा पानी के बोतल का वितरण किया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों पुलिस कर्मियों तथा मीडिया कर्मियों आदि को अंग वस्त्र से सम्मानित भी किया। इधर भाजपा नेता राणा प्रताप उर्फ डब्ल्यु सिंह अपने स्तर से प्रवासियों के लिए पिछले दो दिनों से अनवरत भोजनालय चला रहे हैं। उधर जयप्रभा सेतु के चेकपोस्ट पर स्थानीय युवक प्रवासियों को सूजी का हलवा खिचड़ी तथा पानी की बोतलें आदि उपलब्ध करा रहे हैं। सारण की कम्पनी जे के इंजीकॉम के एमडी जितेंद्र कुमार सिंह ने एक दिवसीय शिविर लगाकर स्थानीय कोरोना योद्धाओं को अंगवस्त्र आदि से सम्मानित किया। प्रवासियों के बीच खाना पानी मास्क तथा सेनेटाइजर का वितरण किया। सत्या माइक्रो कैपिटल ग्रुप द्वारा भी लगातार भोजन पैकेट का वितरण कराया जा रहा है। सोमवार को मांझी पहुंचे सारण जिला भाजपाध्यक्ष राम दयाल शर्मा ने बलिया मोड़ पर सामाजिक कार्यकर्ताओं से मिलकर प्रवासियों का हाल चाल जाना तथा सरकार द्वारा प्रवसियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।




Recent Comments