मांझी(सारण)। यूक्रेन पर हुए रूसी हमले के बाद वहां फंसे हजारों भारतीयों में सारण जिले के मांझी का भी एक युवक शामिल है। यूक्रेन के कीव शहर में फंसा युवक मांझी के मुबारकपुर निवासी डॉ नागेश्वर सिंह का पुत्र संजीत कुमार सिंह बताया जाता है। परिजनों ने बताया कि वह यूक्रेन के कीव शहर में मेडिकल की पढ़ाई के लिए गया था। रूसी हमले के बाद से संजीत सरकार से लगातार स्वदेश वापसी की गुहार लगा रहा है। सूचना पाकर मुबारकपुर पहुंचे मांझी के थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने परेशान परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि सरकार सभी भारतीयों को यूक्रेन से सकुशल वापसी के लिए लगातार प्रयासरत है। फंसे लोगों को वापस लाने के लिए सरकार वायुसेना को भी लगा रखी है। शीघ्र ही सभी भारतीय वापस आ जाएंगे।