मोतिहारी पू.च. आख़िर क्यों पुलिस ने आधी रात को उठा ले गयी व्यवसायी अमरेंद्र सिंह को ?
मोतिहारी पू.च. डुमरियाघाट थानाक्षेत्र के रामपुर खजुरिया गांव से एक व्यवसायी अमरेंद्र सिंह को उनके घर से पुलिस द्वारा आधी रात को उठा ले जाने व सूचना नहीं देने से नाराज व्यवसायियों व ग्रामीणों ने शुक्रवार को नेशनल हाई-वे-28 व स्टेट हाई-वे-74 को जाम कर दिया। नाराज लोग इस बात पर अड़े थे पेट्रोल पंप व चिमनी व्यवसायी अमरेन्द्र सिंह से परिजनों की बात कराई जाए। पुलिस यह साफ करे कि श्री सिंह सुरक्षित हैं।
पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से नाराज लोग करीब एक घंटे तक सड़क पर डंटे रहे। इस दौरान जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस बीच प्रशासनिक अधिकारियों ने अमरेंद्र सिंह से बात उनके परिजन व व्यवसायियों से बात कराई। फिर श्री सिंह द्वारा समझाने के बाद उग्र व्यवसायियों ने जाम को समाप्त किया।
बताया गया है कि श्री सिंह का परिवार अपराधियों व नक्सलियों से पीड़ित रहा है। मार्च 2013 में व्यवसायी अमरेन्द्र से शातिर अपराधी बबलू दुबे ने बीस लाख की रंगदारी मांगी थी। जिसको लेकर कांड संख्या 39/13 दर्ज कराया गया है। वहीं नक्सलियों की रंगदारी से त्रस्त होकर व्यवसायी ने थाने में कांड संख्या 07/14 दर्ज कराया था। उस मामले में पुलिस ने आधा दर्जन अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

वहीं जिले के तत्कालीन एसपी विनय कुमार द्वारा व्यवसायी एवं उनके परिजनों को सुरक्षा के लिए बॉडी गार्ड भी मुहैया कराया गया था।

स्थानीय लोगों के लिए यह चर्चा का विषय बना है कि अपराधियों से इतना ग्रसित रहने वाले व्यवसायी को पुलिस को जहां मदद व सुरक्षा देना चाहिए। वहीं उल्टे प्रशासन उनको ही रात के अंधेरे में चुपके से उठा ले गया। इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यवसायी व ग्रामीण चिंतित है कि ऐसी स्थिति में आम लोग कैसे सुरक्षित रहेंगे।