
मांझी के जैतपुर-सोनबरसा सड़क के जीर्णोद्धार पर लाखों रूपये खर्च के बावजूद स्थिति यथावत, ग्रामीणों नें चेताया ‘रोड नहीं तो वोट नही’

मांझी (सारण)। मांझी प्रखंड के सोनबरसा रघुनाथ गिरी के मठिया तथा बीन टोलिया गांव के ग्रामीणों की बैठक मध्य विद्यालय परिसर में सम्पन्न हुई। अमरनाथ तिवारी की अध्यक्षता में सम्पन्न बैठक में ग्रामीणों ने मांझी जैतपुर वाया सोनबरसा सड़क की जर्जर स्थिति पर क्षोभ प्रकट किया। लोगों का कहना था कि आजादी के सात दशक बाद भी उनके चलने के लिए सड़क तक नसीब नही हुआ। जबकि सड़क के निर्माण तथा मरम्मती के नाम पर कथित रूप से कई बार लाखों रुपये डकार लिए गये पर सड़क की हालत यथावत रह गई। उक्त सड़क पर वाहनों को कौन कहे पैदल यात्री भी दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं। ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली के लिए सीधे तौर पर जन प्रतिनिधियों को जिम्मेवार ठहराया। तथा अपील की कि कोई भी नेता इन गांवों में वोट मांगने नही आये। ग्रामीणों ने एक स्वर से मतदान के बहिष्कार की घोषणा की। बैठक में सुरेश गिरी मुल्तान खान जय शंकर सिंह ओम प्रकाश शर्मा तथा सुनील कुमार गिरी समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।




Recent Comments