माँ यूथ ऑर्गनाइजेशन द्वारा रंगोली प्रतियोगिता का किया गया आयोजन, युवतियों ने बनाई मनमोहक रंगोली

जीवन दर्शन का प्रतीक है रंगोली : जया सोनल

दैनिक खोज खबर, छपरा

माँ यूथ ऑर्गेनाईजेशन के द्वारा जलालपुर प्रखण्ड के बंगरा स्थित मुख्यालय पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ग्रामीण क्षेत्र की लगभग 80 बालिकाओं ने इस कार्यक्रम में उत्सुकता के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में किसी भी प्रकार के फ्रेम आदि लाने की मनाही थी। विभिन्न समूहों में बालिकाओं ने इसमें भाग लिया।

इस रंगोली प्रतियोगिता में रितु ,सपना ,रिंकू ,लक्ष्मीना और सीता के समूह को प्रथम स्थान एवं प्रिया और रितु के समूह को द्वितीय स्थान तथा अंजली, लाखा,सोनी और रितु के समूह को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विजेताओं को मेडल व ट्रॉफी से पुरस्कृत किया गया।

संगठन की सचिव श्रीमती राठौर जया सोनल ने कहा कि रंगोली जीवन दर्शन की प्रतीक है जिसमें नश्वरता को जानते हुए भी पूरे जोश के साथ वर्तमान को सुमंगल के साथ जीने की कामना व श्रद्धा निरंतर रहती है। यह जानते हुए भी कि यह कल धुल जाएगी, जिस प्रयोजन से की जाती है, वह हो जाने की कामना ही सबसे बड़ी है।

कोषाध्यक्ष श्रीमती रीना सिंह ने कहा कि रंगोली स्वयं कल्पना का आधार तो है ही, नित-नवीन सृजन करने की भावना का प्रतीक भी है। यह कला रूप में शिक्षा का अंग भी है। अपनी सृजनता को देखकर बालिकाओं के आत्मविश्वास भी बढ़ता है।