महिलाएं सशक्त होंगी तभी परिवार, समाज व देश बनेगा खुशहाल : मधुबाला

#महिला सम्मान -जागरूकता अभियान का मांझी में हुआ आयोजन

#तारकेश्वर प्रसाद/ दाऊदपुर /मांझी। युवाओं की सामाजिक टीम फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया एवं महिला हेल्पलाइन छपरा के तत्वावधान में प्रखंड के मेरौरी देवी हाई स्कूल महम्मदपुर के परिसर में ‘महिला सम्मान जागरूकता अभियान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि महिला हेल्पलाइन छपरा के परियोजना प्रबंधक मधुबाला, स्कूल के प्रधानाध्यापक चंद्रभान पांडेय, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित एवं संस्था के अध्यक्ष मंटू कुमार यादव, मांझी थाने के एएसआई गयूर अली असद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि मधुबाला ने
स्कूली बच्चों एवं उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि जब महिलाएं सशक्त होंगी तभी परिवार, समाज व हमारा राष्ट्र भी सशक्त व खुशहाल होगा।

मधुबाला समेत अन्य वक्ताओं ने भी अभिभावकों से घरेलू हिंसा से बचने, महिलाओं के स्वास्थ्य व सुरक्षा का ख्याल रखने, लैंगिक भेद-भाव खत्म करने, लड़कों के साथ-साथ नारी शिक्षा पर भी पूरा ध्यान देने, बाल- विवाह से दूर रहने, दहेज-दानव मिटाने, साईबर सुरक्षा के प्रति सचेत रहने, सफाई व सेनेटरी नैपकिन का उपयोग आदि पर विस्तार से चर्चा की। वहीं संस्था के सदस्यों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए उपायों की भी जानकारी दी। रचना पर्वत ने बताया कि लड़कियां अपनी आत्मरक्षा कैसे कर सकती हैं। निरूपमा के द्वारा सेनेटरी नैपकिन के उपयोग एवं उसके फायदे के बारे में बताया गया तथा समाज में पीरियड्स से संबंधित लड़कियों एवं महिलाओं के मन में हुई भ्रांतियों को दूर किया गया। सुषमा ने दहेज प्रथा एवं नारी शिक्षा पर तो सोनाली सिन्हा ने साइबर क्राइम के दुष्प्रभाव से लोगों को अवगत बताया एवं नारी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अभिभावकों से अपील की। एएसआई गयूर अली असद ने बच्चों एवं महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं एवं बेटीयों को यदि कहीं भी किसी प्रकार की समस्या होती है तो वह तुरंत भय-मुक्त होकर पुलिस थाने में या महिला हेल्पलाइन में अपनी शिकायत दर्ज कराएं। इस दौरान विगत वर्ष परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्कूली बच्चों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया के सदस्यों में प्रिंस कुमार विवेक कुमार राहुल कुमार रितेश कुमार,अनुप्रिया सिंस सत्यानंद यादव महावीर कुमार , रितेश कुमार भजौना मांझी के निशुल्क शिक्षा केंद्र के केंद्र संचालक मनीष कुमार सिंह, छोटन कुमार, शिक्षक अर्जुन कुमार प्रमोद कुमार सुनील गुप्ता डॉ सुरेश कुमार अजय कुमार नसरुद्दीन अंसारी, सुरेंद्र ठाकुर लीलावती देवी, मुखिया प्रतिनिधि शैलेंद्र उपाध्याय, मनीष कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।