दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। बिहार के सारण जिले के मढ़ौरा प्रखंड के गोपालपुर गांव की दिव्यांशी सिंह ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। हैदराबाद के स्थित एयरफोर्स एकेडमी में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान उन्हें यह गौरव हासिल हुआ। ग्राउंड ड्यूटी शाखा में
ओवरऑल मेरिट में पहला स्थान प्राप्त करने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिव्यांशी को प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंट प्लाक अवार्ड’ से सम्मानित किया। इसी के साथ वे वायुसेना की ग्राउंड ड्यूटी शाखा में कमीशन पाने वाली पहली पूर्व एनडीए महिला कैडेट बन गई हैं।
जब राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के दरवाजे महिलाओं के लिए खोले गए, तब दिव्यांशी ने 2022में कठिन प्रवेश परीक्षा पास की थी। एनडीए में तीन साल के प्रशिक्षण पुणे से प्राप्त के बाद, 2025 में उन्होंने ‘कैडेट क्वार्टर मास्टर सार्जेंट’ का नेतृत्व पद हासिल किया। फिर एयरफोर्स एकेडमी हैदराबाद के शीर्ष कैडेट्स में शामिल होकर 13 जून 26 को पास आउट हुई।दिव्यांशी के पिता विनोद कुमार सिंह वर्तमान में भारतीय वायुसेना में जूनियर वारंट ऑफिसर हैं, जिनसे प्रेरित होकर दिव्यांशी ने सेना में जाने का फैसला किया। उनकी माता अनीता देवी गृहिणी हैं। दो भाई-बहनों में बड़ी दिव्यांशी का छोटा भाई मनोयोग सिंह सूर्यांश आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग कर रहा है। वर्तमान में उनका परिवार दिल्ली में रहता है, जबकि दादा-दादी पैतृक गांव में रहते हैं। रक्षा अधिकारियों के अनुसार, दिव्यांशी की यह सफलता सशस्त्र बलों में महिलाओं के बढ़ते अवसरों को दर्शाती है और अन्य युवतियों के लिए प्रेरणा बनेगी। इस ऐतिहासिक सफलता पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए परिवार को बधाई दी है।