भाकपा करेगी 8 जनवरी को ग्रामीण भारत बंद का समर्थन

【परवेज अख्तर/सिवान】;

संवाददाता, बसंतपुर. भाकपा ने 8 जनवरी को होने वाले ग्रामीण भारत बंद का समर्थन करने के लिए रविवार को मुख्यालय के गांधी आश्रम में पूर्व मुखिया नंदू राय की अध्यक्षता में भाकपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुयी. इसमें सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि 8 जनवरी 2020 को देश के 10 ट्रेड यूनियनों व सैकड़ों किसान संगठनों की प्रस्तावित हड़ताल का समर्थन भाकपा करेगी. किसान संगठनों की राष्ट्रीय संघर्ष समन्वय समिति द्वारा आहूत ग्रामीण भारत बंद 8 जनवरी को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक चलेगा. ग्रामीण भारत बंद के दौरान पहले मलमलिया से कार्यकर्त्ता शांतिपूर्ण जुलूस लेकर मुख्यालय पहुंचेंगे. इसके बाद भाषण के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा. ग्रामीण भारत बंद के दौरान आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो इसका भी ख्याल रखा जाएगा. मौके पर भाकपा जिला सचिव तारकेश्वर यादव, राजेंद्र सिंह, जगन्नाथ सिंह, रामप्रीत यादव, बागेश्वर प्रसाद, सुरेंद्र सिंह, परमा राम आदि मौजूद थे.
———–