बेतिया :- योजनाओं को तीव्र गति से पूरा कराने का दिया गया निदेश

न्यूज इनपुट विजय कुमार शर्मा पश्चिमी चंपारण बिहार :–
बेतिया:-जिलाधिकारी, डाॅ0 निलेश रामचंद्र देवरे ने पश्चिम चम्पारण जिला में क्रियान्व्ति किये जा रहे वृहत योजनाओं को तीव्र गति से पूर्ण कराने का निदेश दिया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के प्रगति की समीक्षा राज्यस्तर से मुख्य सचिव महोदय द्वारा किया जा रहा है। प्रथमतः मुख्य सचिव द्वारा 50 करोड़ रू0 से अधिक लागत वाले योजनाओं की समीक्षा प्रारंभ की गई है। पश्चिम चंपारण जिला में क्रियान्वित किये जा रहे बड़ी योजनाओं में भवन निर्माण विभाग द्वारा इंजीनियरिंग काॅलेज भवन का निर्माण, एन.एच. 28 बी के 26 वें किमी से 97 किमी तक पथ का निर्माण, धनहा-रतवल पुल के पहुंच पथ का निर्माण, बेतिया-बगहा के नगर क्षेत्र में जलापूर्ति योजना का क्रियान्वयन आदि शामिल है।
कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल द्वारा बताया गया कि अभियंत्रण महाविद्यालय के भवन निर्माण हेतु अभी डी.पी.आर. तैयार किया जा रहा है। कार्यपालक अभियंता, राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, मोतिहारी द्वारा बताया गया है कि 88.61 करोड़ रू0 की लागत से पश्चिम चम्पारण जिला सीमा क्षेत्र में एन.एच.-28 बी. के बेतिया-मिश्रौलिया खंड में 26 वें किमी से 40 वें किमी तक का सड़क निर्माण कार्य प्रगति में है। इस पथ के नवंबर 2018 में तैयार हो जाने की संभावना है। वहीं एन.एच. 28 बी. के ही 41 वें से 64 वें किमी पथ का निर्माण पूर्ण हो गया है लेकिन इस पथ में पुल/पुलिया का निर्माण कार्य अभी चल रहा है तथा 65 वें से 97 वें किमी भाग का निर्माण तय समय पर पूर्ण कराने की बात बतायी गयी है।बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा गंडक नदी पर धनहा घाट में रतवल घाट तक नवनिर्मित पुल के पहुंच पथ का निर्माण कार्य किया जा रहा है। कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया गया है कि 3 छोटे पुल एवं 15.183 किमी पहुंच पथ का 65 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। बेतिया-बगहा नगर जलापूर्ति योजना का क्रियान्वयन बिहार राज्य जल पर्षद, पटना द्वारा किया जा रहा है। कार्यपालक अभियंता, बिहार राज्य जल पर्षद द्वारा बताया गया है कि बेतिया नगर जलापूर्ति योजना का सर्वेक्षण कार्य पूरा हो गया है जबकि बगहा नगर जलापूर्ति योजना का सर्वेक्षण कार्य प्रगति में हैं।