दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण) । हाई टेंशन तार की मरम्मति के दौरान गंभीर रूप से झुलसे विद्युत सब स्टेशन तरैया में कार्यरत मिस्त्री राज नारायण शर्मा की इलाज के दौरान पटना में  मौत हो गई। गुरूवार दोपहर में शव उनके पैतृक गांव मढ़ौरा के धेनुकी गांव पहुंचते ही स्वजनों के चीख पुकार से माहौल गमगीन हो गया। उपस्थित लोगों की आंखे नम हो गई। बताया जा रहा है कि अनुबंध पर कार्यरत बिजली मिस्त्री मढ़ौरा थाना क्षेत्र के धेनुकी गांव निवासी 40 वर्षीय राज नारायण शर्मा गत दिनों हाई टेंशन तार की मरम्मति के दौरान करंट की चपेट में आ गया था। तरैया थाना क्षेत्र के भटौरा दक्षिण टोला गांव से गुजरने वाली 11 हजार वोल्ट की लाइन में डम्फर खोलते समय अचानक बिजली आ गई थी, जिससे वे बुरी तरह झुलस गया था।  हादसे के बाद ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल मढ़ौरा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके बाद प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से उन्हें पीएमसीएच भेजा गया, इसके बाद विभागीय अस्पताल ईएसआईसी बिहटा में इलाज के लिए ले जाया गया। स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होता देख परिजनों ने बाद में   इलाज के लिए अपोलो वर्ण हॉस्पिटल पटना में भर्ती कराया था। गुरूवार की सुबह इलाज के दौरान मौत हो जाने पर शव का पोस्टमार्टम पीएमसीएच में हुआ। जिसके बाद स्वजनों ने शव को गांव लाया गया, जहां पर मृतक का अंतिम दाह संस्कार किया जाएगा। शव आने बाद लोगों ने बिजली अधिकारियों से उचित मुआवजा की मांग को लेकर दाह संस्कार को रोक रखा था। बताया जा रहा है कि बिजली मिस्त्री राज नारायण शर्मा अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। इस घटना के बाद उनकी पत्नी बिंदु देवी, बड़ा बेटा रौशन कुमार शर्मा, छोटा बेटा साहिल कुमार, पुत्री अंजली कुमारी समेत अन्य परिजनों का रो रो कर हाल बेहाल है। वहीं स्थानीय लोगों में डेवढी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि दिलीप सिंह, पूर्व मुखिया धनंजय सिंह, स्थानीय रणंजय कुमार सिंह, दिनेश्वर शर्मा, रामाशीष शर्मा, बलिराम सिंह, रामबाबू सिंह, रमाशंकर प्रसाद उर्फ मिठू महतो, ब्रज किशोर सिंह, सोनू कुमार व अन्य ने परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट किया।