प्रवासी मजदूर का शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम

इसुआपुर(सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र के डोइला गांव में प्रवासी मजदूर श्रीभगवान साह का शव पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों के रुदन क्रंदन से गांव का माहौल गमगीन हो गया। 25 वर्षीय मृतक जय नारायण साह का मंझला पुत्र था। जो बड़े भाई राजेंद्र साह के साथ हैदराबाद शहर में बिजली पंखा बनाने वाली एक कंपनी में काम करता था। लॉक डाउन में फंसे दोनों भाई 34 अन्य प्रवासी मजदूरों के साथ भाड़े के ट्रक से घर आ रहे थे। लेकिन यूपी स्टेट तक ही ट्रक का परमिशन होने से ड्राइवर उन्हें यूपी के देवरिया के पास उतार दिया। जहां से वे पैदल ही घर को चल दिए। इसी बीच श्रीभगवान साह की तबीयत बिगड़ गई। उसे सर्दी खांसी के साथ तेज फीवर हो गई। जिसके बाद वह अचेत हो गया। जिसकी सूचना स्थानीय लोगों के सहयोग से बड़े भाई तथा साथ आ रहे मसरख थाना क्षेत्र के रसौली गांव के एक तथा गरखा के 4 प्रवासी साथियों ने स्थानीय थाने को दी। जिसके बाद वहां की पुलिस द्वारा उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि वहां के स्थानीय प्रशासन ने मानवता का परिचय देते हुए रिजर्व गाड़ी करके लाश को घर भिजवाया। वहीं गांव में लाश आने की पूर्व सूचना पर संभावित संक्रमण होने के डर से परिजनों तथा ग्रामीणों ने लाश को घर तक नहीं ले जाने दिया। ना ही लाश को गाड़ी से उतारने ही दिया। जिसकी सूचना लोगों द्वारा इसुआपुर पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस लाश को थाने लाई तथा कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसी गाड़ी से लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को बताया कि उसका भाई श्रीभगवान साह हार्ट का मरीज था। जिसकी मृत्यु हार्ट अटैक से होने की संभावना व्यक्त की। मृतक की विधवा रेखा देवी, माता प्रभावती देवी पिता तथा अन्य परिजन दहाड़े मार कर रो रहे थे। वहीं मृतक का एक मात्र 2 वर्षीय पुत्र अमित मां की गोद में सटा बेसुध एकटक सब को निहार रहा था। जिसे देख कर लोगों का कलेजा फटा जा रहा था।

मृतक के परिजनों को मिलेगा हर संभव सरकारी सहायता

इसुआपुर(सारण)। डोइला गांव में प्रवासी मजदूर श्रीभगवान साह के शव पहुंचने की सूचना मिलने पर सी ओ सह आपदा पदाधिकारी इसुआपुर अजय कुमार ठाकुर मृतक के परिजनों से मिले तथा उन्हें यथासंभव सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया। वहीं स्थानीय मुखिया धनंजय पांडेय ने मृतक के घर पहुंच कर परिजनों का ढांढस बंधाया तथा उन्हें आर्थिक सहायता की। स्थानीय आरजेडी विधायक मुद्रिका प्रसाद राय ने अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक के आश्रित को दस लाख रुपए सरकारी सहायता दिलाने की मांग की। पूर्व बीजेपी विधायक तथा स्थानीय गांव निवासी जनक सिंह ने भी मृतक के आश्रितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है तथा यथासंभव सरकारी सहायता दिलाने की मांग की है ।वहीं यूपी के योगी सरकार द्वारा मृतक के प्रति सहानुभूति दर्शाते हुए लाश को रिजर्व गाड़ी से घर तक भिजवाने के लिए यूपी प्रशासन को साधुवाद दिया है ।जदयू के वरीय नेता प्रदेश सचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह ने भी अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक के आश्रितों को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। वहीं युवा राजद नेता मिथिलेश राय, पूर्व मुखिया अच्छेलाल राय, पैक्स प्रतिनिधि गुड्डू कुमार श्रीवास्तव, पूर्व बीडीसी सुरेंद्र राम व अन्य लोगों ने भी मृतक के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों का ढांढस बंधाया।