दैनिक खोज खबर/बनियापुर(सारण)।

बनियापुर थाना क्षेत्र के बनियापुर मेला परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला न्याय की गुहार लगाते हुए अचानक 33 हजार वोल्ट की हाई-वोल्टेज विद्युत लाइन के खंभे पर चढ़ गई। महिला को पोल पर चढ़ा देख आसपास के लोगों के होश उड़ गए और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए बनियापुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी रमेन्द्र कुमार और बनियापुर थाना पुलिस दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद घंटों चली काफी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद महिला को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा गया, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।

दिल्ली में काम के दौरान हुआ था परिचय :

सुरक्षित नीचे उतारे जाने के बाद महिला की पहचान जलालपुर थाना क्षेत्र के मंगोलापुर गांव निवासी रीना देवी के रूप में की गई। पूछताछ के दौरान पीड़ित महिला ने बताया कि वह पूर्व में दिल्ली की एक बिस्कुट फैक्ट्री में काम करती थी। इसी दौरान उसका परिचय सीवान जिले के जामो थाना अंतर्गत मझवलिया गांव के रहने वाले धनंजय महतो से हुआ था।

एक लाख रुपये हड़पने का आरोप :

महिला का आरोप है कि उसने धनंजय महतो को जरूरत पड़ने पर करीब एक लाख रुपये दिए थे। लेकिन काम निकल जाने के बाद आरोपी ने उसके पैसे वापस करने से साफ इनकार कर दिया। महिला ने बताया कि इस संबंध में उसने पहले ही जलालपुर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस द्वारा अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। लगातार थानों के चक्कर काटने और न्याय न मिलने के कारण वह गहरे मानसिक तनाव में थी। इसी पुलिसिया निष्क्रियता और आर्थिक तंगी से तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की छानबीन की जा रही है।