मांझी(सारन)। हथियार के बल पर दाउदपुर स्थित रिटायर्ड पारा मिलिट्री कैंटीन लूटने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कैंटीन के प्रबंधक बनवार टोला निवासी कमलेश कुमार सिंह ने दाउदपुर थाने में लिखित आवेदन दिया है। जिसमे कहा गया है कि मैं प्रतिदिन की तरह बुधवार को साढ़े दस बजे कैंटीन का दरवाजा खोल कर कुर्सी पर बैठा। तभी बंगरा गांव के मंटू सिंह, आशीष उर्फ टीमल सिंह सहित दो अन्य अपरिचित लोग पहुंचे जिनके हाथों में चाकू थे। मंटू सिंह ने गर्दन पर चाकू सटा कर गाली देते हुए कैश काउंटर खोलने के लिए कहा। इसी बीच कैंटीन के कर्मचारी विक्की कुमार सिंह और सुजीत सिंह पहुंच गए। मैने बहाना बना कर कर्मचारी सुजीत से चाभी लेने उठा तो मंटू सिंह ने चाकू से हमला कर दिया जिसमें हम बाल-बाल बच गए। उसके बाद जब अपने कर्मचारियों की सहायता से उन्हें पकड़ना चाहा तो वे गेट के बाहर निकल गए और गाली बकते हुए कहा कि अगर कैंटीन चलाना है तो हर माह 20 हजार रुपये रंगदारी देना पड़ेगा।