पाकिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्र में धमाका, पांच हताहत
अब्दुल मुत्तलिब रज़ा 
पाकिस्तान के ख़ैबर पख़तूनख़ा प्रांत में अफ़ग़ान सीमा के निकट सड़क के किनारे लगाए गए बम के धमाके में कम से कम 5 व्यक्ति हताहत और कई अन्य घायल हो गए।
फ़्रान्स प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्‍तान के ख़ैबर पख़तूनख़ा प्रांत की तीराह घाटी में सड़क किनारे लगाए गए एक बम के विस्‍फोट में पांच लोग मारे गये और कई अन्‍य घायल हो गये। रक्षा सूत्रों ने बताया है कि अफ़गान सीमा के निकट उत्‍तर पश्चिमी क़बायली क्षेत्र में शांति समिति के एक वाहन के पास रिमोट कंट्रोल से विस्‍फोट किया गया। अभी तक किसी भी गुट ने हमले की ज़िम्‍मेदारी नहीं ली है। शांति समिति, स्वयं सेवी बलों पर आधारित है जो आतंकवाद से संघर्ष में पाकिस्तानी सेना और सरकार की मदद करती है।
बताया गया है कि घायलों को निकट के अस्पतालों में भरती करा दिया गया है जहां कई घायलों की स्थिति चिंताजनक है। पाकिस्तान की सेना की ओर से क़बायली क्षेत्रों में आतंकियों के विरुद्ध व्यापक अभियान आरंभ किए जाने के बाद से शांति समिति के सदस्यों पर हमलों में वृद्धि हो गई है।