परिवार नियोजन के जिला कार्य समूह की बैठक आयोजित
• परिवार नियोजन के कार्यक्रम में गति लाने के निर्देश
• बेहतर कार्यान्वयन व लक्ष्य हासिल करने पर जोर
• सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों व बीसीएम को दिया गया प्रशिक्षण

गोपालगंज/ 28 दिसंबर। सदर अस्पताल के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र में शनिवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें सिविल सर्जन डॉ. नंदकिशोर प्रसाद ने परिवार नियोजन कार्यक्रमों व प्राप्त लक्ष्यों की समीक्षा की। अप्रैल से लेकर नवंबर माह तक के प्राप्त लक्ष्यों की समीक्षा की गयी।सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को बेहतर कार्यान्वयन व निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने का निर्देश सिविल सर्जन ने दिया। विकास मित्र का भी सहयोग लेने का निर्देश दिया गया।

सीएस ने कहा परिवार नियोजन को लेकर जिला स्तर पर जिला कार्यसमूह का गठन किया गया है। इसका मुख्य कार्य परिवार नियोजन को लेकर जो चल रहे योजनाओं की समीक्षा करना और परिवार नियोजन के बारे में लोगों को जानकारी देना एवं प्रचार-प्रसार करना है। साथ ही परिवार नियोजन संबंधी सेवाओं की पहुँच आम जन तक हो। इस लिहाज से यह बैठक महत्वपूर्ण है। परिवार नियोजन कार्यक्रम के क्रियान्वयन में रणनीति को ठोस व प्रभावी बनाने की जरूरत है। इसके लिए पहले संबंधित अधिकारियों को लक्षित एरिया व समूह का निर्धारण कर लेना चाहिए। उन्होने कहा समाज का एक बड़ा व अशिक्षित तबका अब भी परिवार नियोजन की महत्ता से अनभिज्ञ है तथा परिवार नियोजन के बारे में ऐसे समूह में कई तरह की भ्रांतियां व्याप्त है। उसे दूर करके सबसे पहले वैसे सामाजिक समूह को चिन्हित किया जाना चाहिए।
परिवार नियोजन के साधनों के बारे में दी गयी जानकारी:
प्रशिक्षण शिविर सह मीटिंग में सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बीएचएम को परिवार नियोजन के मेथेडोलॉजी के बारे में बताया गया। केयर इंडिया के परिवार नियोजन समन्वयक अमित कुमार ने इसके बारे में विस्तार से बताया। उन्होने टीएफआर, अनमेट नीड, स्पेसिंग मिथोड, मॉर्डन कंट्रास्पेटिव, टीएल, पीपीटीएल, पीपीआईयूसीडी, आईयूसीडी, पील्स आदि के बारे में बताया। परिवार स्थायी साधनों में महिला नसबंदी एवं पुरुष नसबंदी एवं अस्थायी साधनों में कॉपर टी, गर्भ-निरोधक गोली(माला-एम एवं माला-एन), कंडोम एवं इमरजेंसी कंट्रासेपटीव पिल्स के बारे में बताया । नवीन गर्भनिरोधक ‘अंतरा एवं ‘छाया’ के बारे में जानकारी दी गयी। वहीं इस प्रशिक्षिण शिविर में पपुलेशन ऑफ इंडिया के प्रोग्राम ऑफिसर राघवेंद्र कुमार द्वारा सहयोग किया गया।

स्वास्थ्य सुविधाओं की रैंकिंग की समीक्षा:
जिले में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की रैंकिंग राज्य स्तर पर की जाती है। हाल हीं में अक्टूबर 2019 की रैंकिंग जारी की गयी है। जिसमें गोपालगंज जिले को 24वां स्थान मिला है। जिस पर प्रखंड स्तर हासिल लक्ष्यों की समीक्षा की गयी। सिविल सर्जन ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियो को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होने कहा कि यह असंतोषजनक है। इसमें सुधार की आवश्यकता है। शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रखंड स्तर पर लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. नन्दकिशोर प्रसाद सिंह, जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम धीरज कुमार, डीएमएंडई जयंत कुमार चौहान, केयर इंडिया के डीटीएल मुकेश कुमार सिंह, परिवार नियोजन समन्वयक अमित कुमार समेत सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक समेत अन्य शामिल थे।