• सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान को लेकर चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
• स्लम बस्ती के लोगों को किया गया जागरूक
• 3 फरवरी से चलेगा सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान का तीसरा राउंड
छपरा / 21 जनवरी 2020। सारण जिले में सघन मिशन इंद्रधनुष 2.0 अभियान का तीसरा राउंड 3 फरवरी से शुरू होगा। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को शहर के राजेंद्र स्टेडियम स्थित कुष्ट बस्ती में विरासत संस्थान के कालाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया कि पांच साल में सात बार बच्चों को टीकाकरण जरूर करवाना चाहिए। टीकाकरण महत्वपूर्ण है इसे अपने-अपने बच्चे को जरूर लगवाएं। फैले भ्रांतियों को खासकर महिलाओं द्वारा दूर करने उद्देश्य से ही जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। टीकाकरण बच्चों के लिए महत्वपूर्ण है। मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष मौजूद थे।
खिलखिलाते सुरक्षित बचपन के लिए टीका जरूरी:
महिलाओं और बच्चों का सम्पूर्ण टीकाकरण कराने हेतु परिवारों को प्रेरित किया गया। कलाकारों द्वारा लोगों को टीका न लगवाने से बच्चे में होने वाली बीमारी और लगवाने से होने वाले फायदे के बारे में बताया गया। टीम के सदस्यों ने बताया कि खिलखिलाते सुरक्षित बचपन के लिए और शिशु के स्वास्थ्य के लिए टीकाकरण बहुत जरूरी है। कई जानलेवा बीमारियों के संक्रमण से शिशु को बचाने के लिए नियमित टीकाकरण के प्रति हर परिवार को जागरूक रहना चाहिए।
सिविल सर्जन डॉ. माधवेश्वर झा ने कहा कि सही समय पर सही टीका लगवाने से शिशु मृत्यु-दर को कम किया जा सकता है। वहीं बचपन में होने वाली विभिन्न बीमारियों की रोकथाम भी होगी।इसलिए टीकाकरण को लेकर जन जागरूकता व जनसमुदाय की भागीदारी बढ़ाने की मंशा से ग्रामीणों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रेरित किया जा रहा है। नुक्कड़ नाटकीय कलाकारों ने विभिन्न लोकगीतों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वस्थ सुखी जीवन के लिए टीकाकरण का महत्व समझाया। बिना टीके के शिशु में खसरा, पोलियो, काली खांसी, गलघोंटू, हेपटाइटिस जैसी कई भयानक बीमारियां होने की जानकारी दी।




Recent Comments