
मांझी(सारण)। नये वर्ष के स्वागत में अगले बुधवार को मांझी का प्रसिद्ध रामघाट होगा गुलजार। जुटेगी अतिउत्साही युवकों की टोलियां। मांझी रेलपुल तथा जयप्रभा सेतु के बीच का दियारा बनेगा आकर्षण का केन्द्र। सरयू के किनारे नदी के बालू से स्वतः बने समतल व सरपट घाट पर मनेगी पिकनिक। पुलों पर सैर सपाटे के अलावा नदी में नौकायन का लुत्फ उठा सकेंगे सेलिब्रेशन करने वाले युवा। प्राकृतिक सौंदर्य से लबरेज मांझी का राम घाट दशकों से पिकनिक मनाने वालों के लिए सर्वाधिक बेहतर पिकनिक स्पॉट रहा है। जिला प्रशासन से जुड़े पदाधिकरियों और नेताओं का भी पसंदीदा स्थल रहा है मांझी। राम घाट के आसपास के गांवों के अलावा बलिया जिले से भी युवकों का समूह भी पिकनिक मनाने आते हैं। राम घाट के समीप स्थित मांझी चट्टी के दुकानदार आदि भी पिकनिक के मद्देनजर दुकान सजाने में लगे हुए हैं। शाकाहारी व मांसाहारी सामग्री आदि की दुकानों पर अभी से ही भीड़ बढ़ने लगी है। पूजा पाठ से नए साल का शुभारंभ करने वाले धर्मभीरु लोग अलग तैयारी में जुटे हुए हैं। इस मौके पर राम घाट स्थित हनुमान गढ़ी मन्दिर परिसर में अनुभव जिंदगी का सोशल मीडिया समूह से जुड़े सैकड़ों स्वयंसेवक इस दिन लिट्टी चोखा का भोज व मिलन समारोह में जुटेंगे।




Recent Comments