नई मुसीबत है वैशाली एक्सप्रेस का एलएचबी रेक, कम हो गयी है इतनी बॉगी
विनीत कुमार, छपरा
बरौनी से चलकर नई दिल्ली जानेवाली 12553 अप वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस का रेक बदलकर अब एलएचबी रेक कर दिया गया है। शनिवार को बरौनी से जो रेक नई दिल्ली के लिए गया वो एलएचबी ही था।
मगर इस एलएचबी रेक के कारण ही रेल यात्रियों की मुसीबत बढ़ गयी है। इस मुसीबत का कारण यह है कि वैशाली एक्सप्रेस में अब सामान्य श्रेणी के दो डिब्बे कम कर दिए गए हैं। जेनरल डिब्बे कम किये जाने से दिल्ली जाने और आनेवाले यात्रियों की परेशानी होगी। इसके अतिरिक्त महिलाओं व विकलांग यात्रियों के लिए कोच में जो जगह होती थी वो अब इस ट्रेन में नही बची है कारण कि उसके जगह पर दो पावर कार लगा दिए गए हैं।

इतना ही नही वैशाली एक्सप्रेस के पुरानी संरचना में 12 शयनयान श्रेणी के डिब्बे लगते थे जिन्हें एलएचबी मोड़ में लाने के बाद इनकी संख्या भी घटाकर 10 कर दी गयी है।
पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ राजेश कुमार के मुताबिक वैशाली एक्सप्रेस के एलएचबी रेक में सामान्य श्रेणी के 3 डिब्बे, शयनयान श्रेणी के 10 डिब्बे, थर्ड एसी के तीन डिब्बे, सेकंड एसी के दो डिब्बे, फर्स्ट एसी कम सेकंड एसी का एक डिब्बा, एक पैंट्री कार व दो पावर कार की संरचना में चलाई जा रही है।

पूर्व की वैशाली एक्सप्रेस में 5 सामान्य श्रेणी के डिब्बे होते थे, दो एसएलआर कोच में महिला व विकलांग यात्रियों के लिए स्थान होते थे वही शयनयान श्रेणी के 12 डिब्बे हुआ करते थे। मतलब कि नई संरचना में दो स्लीपर भी कम हो गए हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि वैशाली एक्सप्रेस के एलएचबी मॉड्यूल में यह संरचना रेलवे प्रशासन कब से लागू करता है। लेकिन फिलहाल जेनरल टिकट ले कर नई दिल्ली जानेवाली यात्रियों की समस्या तो बढ़ ही गयी है।
इस संबंध में पूछे जाने पर सोनपुर रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक अखिलेश कुमार पांडेय ने बताया कि एलएचबी कोच की संरचना ही कुछ ऐसी होती है कि इसमें महिला व विकलांग यात्रियों के लिए जगह नही होता।