ईशमेला निवासी शैलेश कुमार सिंह व छोटू कुमार सिंह ने एसपी से लेकर डीजीपी तक लगाई गुहार

दिघवारा (सारण) ईशमेला-ककड़ियां दियारा क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन की अभिरक्षा में फसल कटाई के बाद ढुलाई भी हो गई। किंतु जमीन के असल भू-स्वामियों ने इसे पुलिस-प्रशासन की जबर्दस्ती और बंदूक-राइफल के बल पर फसल कटवाने व मना करने पर मार कर नदी फेंकने का आरोप लगाया है। बहरहाल, सारण पुलिस अधीक्षक से लेकर डीजीपी बिहार तक दिए गए आवेदन पत्र मे ईशमेला निवासी शैलेश कुमार सिंह व छोटू कुमार सिंह ने दिघवारा थानाध्यक्ष,अकिलपुर थानाध्यक्ष, अंचलाधिकारी, दिघवारा व पुलिस कर्मियों पर न्याय संगत कार्रवाई की मांग की है।
जिला पुलिस अधीक्षक को प्रेषित पत्र में भू-स्वामी द्वय ने कहा है कि हमलोगों की मौरूसी व खतियानी जमीन लगभग 80 बिगहा ईशमेला मौजा में है । गत् 12-13 अप्रैल को दिघवारा थानाध्यक्ष मिहिर कुमार, अकिलपुर थानाध्यक्ष (नाम नमालुम) तथा अंचलाधिकारी, दिघवारा 20-25 सिपाही व 20-30 मजदूर,दो कटर मशीन व 10 टैक्टर लेकर हमारे जमीन में लगी गेहूं जबरन बंदूक व राइफल के बल पर काट ले गए। मना करने पर थानाध्यक्षों ,पुलिसकर्मियों व अंचलाधिकारी ने कहा कि भाग जाओ यहाँ से नहीं तो गोली मार कर लाश नदी में फेंक देंगे ।हम लोग घर वापस आ गए । भू-स्वामियों ने कहा है कि पुलिस-प्रशासन ने अवैधानिक रूप से हमारी फसलें कटवाकर ले गयी है।अतः इन पदाधिकारियों व पुलिसकर्मियों पर न्याय संगत कार्रवाई की जाए। भू-स्वामियों ने जमीनी खाता, खेसरा व रकबा भी दर्शाया है।