नितेश कुमार सिंह।
दैनिक खोज खबर/मांझी(सारण)।दाउदपुर थाना पुलिस ने सोमवार को अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की। बनवार रेलवे ओवरब्रिज के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अंग्रेजी शराब से लदी एक ऑटो को जब्त किया है।
घटना का विवरण:
थानाध्यक्ष निर्भय कुमार ने बताया कि पुलिस को छपरा की ओर से शराब की एक बड़ी खेप लाए जाने की गोपनीय जानकारी मिली थी। सतर्क पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर ऑटो को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान ऑटो से 146 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
आरोपी पर कार्रवाई:
पुलिस ने मौके से ही चालक को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान जलालपुर थाना क्षेत्र के रूसी गांव निवासी छठू प्रसाद के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में छपरा भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।