गोलीबारी के आरोपित जेल की सैर सपाटा भी कर चुके हैं

मांझी(सारण)। रविवार की रात मांझी थाना क्षेत्र के सिंगही गांव में अपने पड़ोसी के तिलकोत्सव समारोह पर हमला फायरिंग व लूटपाट मामले में नामजद आरोपी सुनील सिंह तथा राकेश उर्फ पिन्टु सिंह अवैध शराब के बड़े कारोबारी निकले। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इन दोनों भाइयों पर मांझी थाना में अवैध शराब का धंधा करने का मामला दर्ज है। सूत्रों के अनुसार पिन्टु सिंह अवैध शराब के साथ गिरफ्तार होकर जेल की सैर भी कर चुका है। कई लोगों ने बताया कि आसपास के इलाके में उसके अवैध शराब कारोबार की ब्यापक चर्चा है। आरोपियों की दबंग छवि के कारण लोग उनके खिलाफ खुलकर बोलने से भी परहेज कर रहे हैं। घटना के बाद पुलिस की चहल कदमी के कारण सभी नामजद अभियुक्त फरार बताए जाते हैं।
मालूम हो कि रविवार की रात सिंगही गांव निवासी मनोज सिंह के पुत्र संतोष सिंह के तिलकोत्सव में भोज के दौरान पट्टीदार रघुनाथ सिंह के पुत्र आदि ने हमला कर लूटपाट की थी तथा मनोज सिंह के परिजनों व रिश्तेदारों की पिटाई व 22 राउंड फायरिंग की थी।
इस बीच शादी समारोह में दुबारा कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए पुलिस भरपूर एहतियात बरत रही है। थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा ने बताया कि मंगलवार की शाम मटकोर से लेकर परिछावन तथा गुरुवार को बारात वापसी तक के लिए वहां पुलिस को तैनात कर दिया गया है। दूल्हा संतोष सिंह ने बताया कि शादी समारोह बिना ताम झाम के सम्पन्न कराया जा रहा है। चूंकि फायरिंग व लूटपाट के बाद दहशत ब्याप्त है संशय के इस माहौल में रिश्तेदार आदि जोखिम लेने से कतरा रहे हैं।




Recent Comments