
बेतिया (पश्चिम चंपारण): नवाचारी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए चनपटिया प्रखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय लंगट शुक्ल टोला के प्रधान शिक्षक अमितेश कुमार को प्रतिष्ठित ‘तिरहुत प्रमंडल स्तरीय शिक्षक सम्मान-2026’ से नवाजा गया है।
वैशाली जिले के महुआ स्थित निरसू नारायण महाविद्यालय, सिंघाड़ा के सभागार में ‘द बिहार टीचर हिस्ट्री मेकर – मेरा मोबाइल मेरी शिक्षा’ के तत्वाधान में यह भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सह एमएलसी वंशीधर ब्रजवासी, व्याख्याता जियाउल होदा और प्रोफेसर मिथिलेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह की अध्यक्षता तिरहुत प्रमंडल की अध्यक्ष अलका शुक्ला ने की।
छह जिलों के 210 शिक्षकों का हुआ चयन
इस गरिमापूर्ण समारोह में तिरहुत प्रमंडल के छह जिलों से कुल 210 चयनित शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इन शिक्षकों ने संस्था द्वारा निर्धारित मानकों को पूरा करते हुए विद्यालय की गतिविधियों और नवाचारी शिक्षण विधियों के जरिए विद्यार्थियों को लाभान्वित किया है। साथ ही, ऑनलाइन माध्यम से शिक्षा को अधिक रोचक, सरल और उपयोगी बनाने की दिशा में अपने उत्कृष्ट प्रयासों की प्रस्तुति दी।
पश्चिम चंपारण के 20 शिक्षकों को मिला सम्मान
पश्चिमी चंपारण जिले से प्रधान शिक्षक अमितेश कुमार के अलावा अलका जनार्दन, शुभलक्ष्मी महाराज, अबुलैश आलम, किरण कुमारी, प्रियंका, खुशबू कुमारी, पुनीता राय और मुनिलाल कुमार समेत कुल 20 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधान शिक्षक अमितेश कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए बेहद गौरव की बात है। इस प्रमंडल स्तरीय सम्मान से क्षेत्र के शिक्षकों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने को लेकर नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है।




Recent Comments