तरवारा में दीवार गिरने से एक की मौत
#परवेज अख्तर/सिवान;
सिवान : जिले में पिछले दो दिनों से तेज हवाओं के साथ हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित है। बारिश के कारण दीवार गिरने से जहां एक वृद्ध की मौत हो गई, वहीं तीन बच्चे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें एक बच्चे की स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी। पहली घटना जीबी नगर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर लालगढ़ गांव में बुधवार की देर रात बारिश के साथ तेज हवा के कारण घर का पुराना दीवार अचानक गिर गया। इस घटना में दीवार से दबकर घर में सो रहे रामेश्वर सिंह (80) की मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। रामेश्वर सिंह रात्रि में भोजन करने के बाद अपने घर में सो गए थे। इसी बीच यह घटना हुई। वहीं दूसरी ओर दरौली प्रखंड मुख्यालय में दीवार गिरने से तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बच्चों को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक को गोरखपुर रेफर कर दिया। उसकी स्थिति गंभीर थी। अन्य का उपचार स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।




Recent Comments