
दैनिक खोज खबर/जलालपुर (सारण)। जलालपुर थाना क्षेत्र के जीएस बंगरा गांव निवासी विजय प्रकाश राय के दो पुत्र रोहित कुमार और राहुल कुमार छपरा फोरलेन पर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बिनटोलिया क्रॉसिंग के समीप हुआ, जहां एक अनियंत्रित ट्रक ने दोनों भाइयों को अपनी चपेट में ले लिया।
दुर्घटना में रोहित कुमार का दाहिना पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि राहुल कुमार के पैर में फ्रैक्चर हो गया। हादसे के बाद दोनों भाई करीब डेढ़ घंटे तक सड़क किनारे दर्द से तड़पते रहे। घायल राहुल कुमार राहगीरों से हाथ जोड़कर अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन कोई वाहन नहीं रुका। समय पर मदद नहीं मिलने से दोनों का काफी खून बह गया।
बाद में राहुल कुमार ने ग्रामीण विजय कुमार को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद 102 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई। एंबुलेंस के प्रभारी सत्य प्रकाश की पहल पर दोनों घायलों को सदर अस्पताल, छपरा लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रोहित कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना एम्स के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों को उनकी जान बचाने के लिए दाहिना पैर काटना पड़ा। राहुल कुमार का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
रोहित कुमार डीएलएड का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं और पढ़ाई में मेधावी बताए जाते हैं।
उधर, मुफस्सिल थाना पुलिस ने हादसे के बाद ट्रक (संख्या UP60AT2216) को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यह घटना एक बार फिर सड़क हादसों के दौरान लोगों की संवेदनहीनता को उजागर करती है। यदि समय पर मदद मिल जाती तो शायद घायल की स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।




Recent Comments