मांझी/दाउदपुर। छपरा-सीवान मुख्य मार्ग (एनएच 531) पर दाउदपुर ग्रामीण बैंक के समीप ट्रक और बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में बाइक सवार दो शिक्षकों की घटनास्थल पर हीं दर्दनाक मौत हो गई। घटना शनिवार की शाम करीब छह बजे की बताई जाती है। मृतकों में जलालपुर थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी रमेश तिवारी के 35 वर्षीय पुत्र राणा तिवारी व दूसरा विक्रांत प्रियदर्शी शिक्षक शामिल हैं, जिनका घर छपरा बताया जाता है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दाउदपुर थाना पुलिस ने दोनों शव को अपने कब्जे में लेकर ट्रक को जब्त कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना उस समय की बताई जाती है जब बाइक सवार दोनों शिक्षक एकमा अंचल के गंजपर मिडिल स्कूल तथा कोहड़गढ स्कूल से ड्यूटी कर एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। तभी छपरा सीवान-मुख्य मार्ग पर दाउदपुर ग्रामीण बैंक के समीप अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में पीछे से टकरा गई, जिसमें दोनों शिक्षकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते हीं दाउदपुर थानाध्यक्ष नवलेश अपने दल बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए। उसके बाद दोनों को उठाकर एकमा पीएचसी में भेजा जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि मृतक राणा तिवारी की साल भर पहले शादी हुई है। वह बहुत ही कुशल व्यवहार के शिक्षक थे। घटना की खबर मिलने के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। वही शिक्षक नेता दिनेश कुमार सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिवार को सरकार से उचित मुआवजा देने की मांग की।