
-क्लिनिक खुलने से फाइलेरिया के मरीजों को सहूलियत, सोनवर्षा सीएचसी अंतर्गत भुतही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में खुला
सीतामढ़ी। 16 अगस्त
जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। इस कड़ी में मंगलवार को जिले का पहला फाइलेरिया क्लिनिक (एमएमडीपी) सोनवर्षा सीएचसी अंतर्गत भुतही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में शुरू हुआ। जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस क्लिनिक से फाइलेरिया मरीजों को सहूलियत होगी। उपचार और जरूरी सुविधाएं भी मिलेंगी। जो फाइलेरिया उन्मूलन में सहायक होगा। फाइलेरिया मरीजों के लिए रोग प्रबंधन में एमएमडीपी किट की उपयोगिता बहुत है और क्लिनिक खुलने से मरीजों को सहूलियत होगी।
सहभागिता से फाइलेरिया मुक्त सीतामढ़ी करेंगे-
सिविल सर्जन डॉ. सुरेश चन्द्र लाल ने कहा कि जो हाथी पाँव के शिकार हो जाते हैं वे भी एमएमडीपी क्लिनिक में जाकर इसकी देखभाल और उपचार की जानकारी लेकर इसे बढ़ने से रोक सकते हैं। शीघ्र ही अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों व हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर पर एमएमडीपी क्लिनिक खोला जायेगा, ताकि लोगों को परामर्श हेतु बहुत दूर नहीं जाना पड़े। उन्होंने बताया कि समेकित सहभागिता से वे कालाजार की तरह फाइलेरिया से भी सीतामढ़ी को मुक्त करेंगे।
फाइलेरिया पीड़ित मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधा-
भीबीडी नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. रवीन्द्र कुमार यादव ने बताया कि इस क्लिनिक को खोलने का मकसद है कि फाइलेरिया जैसी बीमारी को रोका जा सके। इसके साथ ही फाइलेरिया मरीजों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने एवं क्लीनिकल ट्रीटमेंट उपलब्ध कराने को लेकर इसकी शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया मरीजों के लिए रोग प्रबंधन में एमएमडीपी किट की उपयोगिता बहुत है और क्लिनिक खुलने से मरीजों को सहूलियत होगी।




Recent Comments