जयप्रभा सेतु के जीर्णोद्धार कार्य का हुआ शुभारंभ

मांझी(सारण)। यूपी बिहार के लोगों के दिलों का रिश्ता जोड़ने वाला अति महत्वपूर्ण जयप्रभा सेतु के जीर्णोद्धार का काम लग्न के पहले पूरा कर लिया जाएगा। यह बात भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बलिया के सांसद बीरेन्द्र सिंह मस्त ने शुक्रवार को मांझी घाट पर आयोजित जयप्रभा सेतु के जीर्णोद्धार के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है उसे करती है वह दिखता है। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून और किसानों की समस्या पर कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिन्होंने देश को लूटा वे लोग विकास की बातें कर रहे हैं। तथा जिन्हें खेती किसानी का एबीसीडी तक नही मालूम वे राहुल और प्रियंका किसानों की दशा ठीक करने यूपी घूम रहे हैं।
अपने सम्बोधन में महराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि यूपी बिहार के लोगों के बीच रोटी बेटी का सम्बंध है। उन्होंने कहा कि यह सेतु यूपी तथा बिहार के लोगों के स्वर्णिम भविष्य का द्योतक है। इतनी कम अवधि में सेतु की जर्जर हालत के लिए जिम्मेवार दोषी के खिलाफ संसद में आवाज उठाया जाएगा।
समारोह को यूपी एन एच आई के तकनीकी सहायक योगेंद्र प्रताप सिंह बलिया जिला भाजपाध्यक्ष जय प्रकाश साहू राम प्रकाश सिंह हेमनारायण सिंह रमाशंकर मिश्र शांडिल्य राणाप्रताप उर्फ डब्ल्यू सिंह आदि ने भी सम्बोधित किया। इससे पहले सांसद द्वय ने दो करोड़ की लागत से जयप्रभा सेतु का मंत्रोच्चार व विधि विधान से कार्यारम्भ किया। मौके पर यूपी तथा बिहार के सैकड़ों कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद थे।

लोकनायक जेपी और पूर्व प्रधान मंत्री चन्द्रशेखर का नाम लेना भूल गए सांसद।
जेपी की पत्नी के नाम पर तथा पूर्व प्रधान मंत्री स्व चन्द्रशेखर के अथक प्रयास से बने जयप्रभा सेतु के जीर्णोद्धार के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि द्वय अपने सम्बोधन में दोनों नेताओं का नाम तक नही लिया। वरीय भाजपा नेता राम प्रकाश सिंह ने अपने सम्बोधन में सेतु का अबतक उदघाटन नही किये जाने का मुद्दा उठाया।

महज एक माह तक ही बन्द रहेगा जयप्रभा सेतु पर भारी वाहनों का आवागमन। यह जानकारी एन एच आई के तकनीकी सहायक योगेंद्र प्रताप सिंह ने दी। उन्होंने बताया की तीन माह में सेतु का सड़क व रेलिंग आदि नए कलेवर में यात्रियों को सौंप दिया जाएगा। शनिवार से सेतु के दोनों तरफ बैरियर लग जायेगा तथा भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बन्द कर दिया जाएगा।
समारोह में सांसद द्वय ने स्थानीय सोशल मीडिया व स्थानीय नेताओं को इस मुद्दे पर जागरूकता व सक्रियता के लिए धन्यवाद दिया। समारोह का संचालन बलिया जिला भाजपा उपाध्यक्ष अमिताभ ओझा ने किया।