छपरा । जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण, छपरा के द्वारा बताया गया है कि विधिक सेवा प्रधिकार, सारण, छपरा के अंतर्गत निरंतर लोक अदालत, सारण, छपरा के दो गैर न्यायिक सदस्यों में एक विधि व्यवसाय एवं एक सामाजिक कार्यकर्त्ता के पद पर मनोनयन हेतु बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के नियमावली 1998 के विनियम 30 के उप-नियम (4) के अंतर्गत आवेदन पत्र आमंत्रित किया गया है। इच्छुक योग्य उम्मीदवार अपना आवेदन अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण छपरा के पते पर नोटिस प्रकाशित होने की तिथि से दिनांक 10.06.2020 तक कार्यालय अवधि में निबंधित डाक या हाथों-हाथ उपलब्ध करा सकते हैं। सचिव, विधिक सेवा प्राधिकार, सारण छपरा के द्वारा बताया गया कि आवेदन पत्र के साथ दो स्वअभिप्रमाणित फोटो, विधिक एवं सामाजिक कार्य से संबंधित प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, किसी राजनीतिक दल से संबंधित नहीं होने तथा किसी मामले में पक्षकार या अभियुक्त नहीं होने से संबंधित शपथ पत्र एवं अन्य कार्य अनुभव से संबंधित प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा। आवेदन प्रारूप जिला विधिक सेवा प्रधिकार, सारण, जिला पदाधिकारी सारण एवं विधि मंडल छपरा के सूचना पट्ट पर चस्पा किया गया है।