घाघरा नदी में स्नान के दौरान 10 वर्षीय बालक डूबा, गोताखोरों द्वारा शव की खोजबीन जारी

#मासूम की ननिहाल मटियार गांव में मचा कोहराम,

#मासूम गोलू की मां व परिजनों का रो-रो कर हुआ बुरा हाल

छपरा (सारण) : बुधवार को मांझी थाना क्षेत्र के मटियार गांव में अपने ननिहाल के गांव में कुछ दिन पहले आया एक 10 वर्षीय बालक घाघरा नदी में स्नान करने के दौरान डूब गया। सूचना पाकर मौके पर मांझी थाने की पुलिस ने पहुंचकर नदी के अंदर बालक के शव की खोजबीन हेतु गोताखोरों की मदद से काफी प्रयास करायी। लेकिन संवाद प्रेषण तक शव की तलाश नहीं हो सकी है। उधर वारदात के बाद बालक की मां और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गोताखोरों के काफी प्रयास के बाद भी अबतक शव बरामद नहीं हो सका है। मामला सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के मटियार गांव का है।

ग्रामीणों व परिजनों ने बताया कि सीवान जिले के दुरौंधा थाना क्षेत्र के कोराड़ी गांव निवासी रंजन महतो की पत्नी मीरा देवी सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के मटियार गांव स्थित अपने पिता दारोगा महतो के घर पर कुछ दिन पहले बच्चों सहित आयी थी। बुधवार की सुबह वह अपने पुत्री सीमा कुमारी और पुत्र गोलू कुमार के साथ घाघरा नदी में स्नान करने के लिए गयी थी। इसी बीच अचानक नदी के पानी की तेज धारा के बहाव की चपेट में उसका पुत्र गोलू चला गया। इसके बाद ग्रामीणों व गोताखोरों की मदद से उसकी काफी खोजबीन की गयी।लेकिन शव का पता नहीं चल सका। इस दौरान नाव पर सवार होकर लगभग पांच किलोमीटर तक की एरिया में शव की खोजबीन की गई। पुलिस प्रशासन और मटियार पंचायत के मुखिया पति जय प्रकाश ने भी अपने समर्थकों के साथ नाव पर सवार दिखाई दिए। इस दौरान साथ में मीडिया कर्मी भी नाव पर सवार होकर गोताखोरों द्वारा खोजबीनके सर्च ऑपरेशन का कवरेज करते दिखे।

इस मौके पर मौजूद मुखिया पति जय प्रकाश ने घटना स्थल पर बताया कि शव की खोजबीन गोताखोरों द्वारा जारी है। शव मिलते ही प्रशासन को सूचना दे दूंगा। बालक गोलू की मां मीरा देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। गोलू कुमार की ननिहाल के गांव में मातम पसरा है।
इस अवसर पर मांझी पूर्व ज़िला परिषद सदस्य मंटू सिंह, पत्री वीरेश सिंह सहित सैकड़ो ग्रामीण घटना स्थल पर मौजूद थे।

इनपुट : के. के. सिंह/एकमा(सारण)