जिले की बिजली कंपनी की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में बिजली चोरी पकड़ने हेतु अभियान छेड़ रखा है। इस दौरान वैसे लोग जिनका बिजली कनेक्शन बकाया होने पर काट दिया गया था पर बिना भुगतान और रिकनेक्शन रसीद कटाये ही लाइन टोका फसाकर जलाते पाए गए उनपर कार्रवाई की गई। वही जिले में इस महीने अभी तक 1737 बकायेदारों की बिजली कनेक्शन काटे गए है। बुधवार को भी 73 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए।
बिजली चोरी की प्राथमिकी:
महमदपुर थाना के बांसघाट मसूरिया व महारानी उग्रसेन गांव में बकाया पर बिजली कनेक्शन कटने के बाद भी बिना जमा किये लाइन जलाते हुए पाए जाने पर पांच लोगों पर बिजली चोरी की प्राथमिकी कनीय विद्युत अभियंता बैकण्ठपुर के द्वारा कराई गई। इनपर लगभग एक लाख पंद्रह हजार नौ सौ रूपये की जुर्माना राशि लगाई गई है।

क्या है नियम: अगर किसी उपभोक्ता का लाइन बकाया पर कट जाता है तो उपभोक्ता को बकाया जमा करने के साथ ही रिकनेक्शन चार्ज भी जमा करना होता है, तभी कंपनी द्वारा पुनः लाइन चालू किया जाता है। ऐसे में इसका उल्लंघन करने और बिना रसीद के बिजली उपभोग करने पर विद्युत अधिनियम के धारा 135 व अन्य धाराओं के अंतर्गत बिजली चोरी में जुर्माने का प्रावधान है।