परवेज अख्तर/सिवान;

  • गिरने से हुयी वृद्ध की मौत, लोगों ने कराया अंतिम संस्कार

बड़हरिया. थाना क्षेत्र के पहाड़पुर व बालापुर के बीच स्थित एक गड्ढे में गिरकर डूब जाने से एक वृद्ध मजदूर की मौत हो गई. विदित हो कि थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव के बुधन पंडित के पुत्र व मजदूर पारस पंडित(65) शनिवार की रात में मजदूरी कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे. इसी दरम्यान बालापुर स्थित जेसीबी द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरकर डूब गए. वहीं ग्रामीणों का कहना है कि वे शौच कर उस गड्ढे में हाथ धोने गए होंगे व पैर फिसल जाने के कारण गड्ढे में डूब गए होंगे. जिससे उनकी मौत हो गयी. ग्रामीणों ने बताया कि साइकिल में उनकी सब्जी की पोटली टंगी हुई थी. रविवार की अहले सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो पारस पंडित को जलाशय से निकाला गया. बताया जा रहा है कि मृतक पारस पंडित को कोई बच्चा नहीं था. वह अपनी पत्नी लीलावती देवी(60) के साथ रहते थे व वह चिमनी पर ईंट पाथ कर अपना व पत्नी का खर्च चलते थे. मजदूरी करने के बाद वे शनिवार की देर शाम को अपने घर वापस आ रहे थे कि गड्ढे में गिरने से उनकी मौत हो गयी. इधर पारस पंडित की मौत से बेसहारा हो चुकी उनकी पत्नी लीलावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रविवार को अपने खर्च से दास संस्कार करा दिया.