दैनिक खोज खबर/नगरा। खैरा थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में शुक्रवार रात्रि अज्ञात चोरों ने एक ही परिवार के तीन रूम को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया.चोर घर के पीछे खेत की ओर से सीढ़ी लगाकर किचन के रास्ते अंदर घुसे और तीन कमरों का ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये नकद तथा 10 से 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई.जानकारी के अनुसार मानपुर गांव निवासी लाल खान, सुडु खान एवं एनामुल उर्फ गुड्डू खान के कमरों में चोरी हुई. चोरों ने अलमारी, गोदरेज एवं बक्सों का लॉक तोड़कर नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान समेट लिया. गृहस्वामी एनामुल उर्फ गुड्डू खान ने बताया कि उनके दोनों भाई बाहर रहते हैं. घटना की रात वह छत पर सो रहे थे, जबकि उनकी मां नीचे बरामदे में थीं. सुबह उठने पर उनका सिर भारी था और चक्कर आ रहे थे, जिससे उन्होंने आशंका जताई कि चोरों ने किसी नशीले स्प्रे का इस्तेमाल किया होगा. उन्होंने यह भी बताया कि चोरों ने घर में खड़ी बाइक का वायर भी काट दिया था, ताकि उसका उपयोग नहीं किया जा सके.घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. सूचना पर खैरा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन शुरू की.पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाने का प्रयास किया.खैरा थानाध्यक्ष अखिलेश पासवान ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.