
मांझी(सारण)। बुधवार को मांझी थाना पुलिस ने ताजपुर से हथियार के साथ गिरफ्तार दो अपराध कर्मियों को जेल भेज दिया। गिरफ्तार दोनों अपराध कर्मी मांझी थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी क्रमशः मथुरा सिंह के पुत्र विकास कुमार सिंह तथा अक्षय सहनी के पुत्र नितेश सहनी बताए जाते है। थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा ने बताया कि मंगलवार की रात ताजपुर डुमाईगढ़ सड़क पर ताजपुर उच्च विद्यालय के समीप पुलिस गश्ती गाड़ी को देखकर वहाँ पहले से मौजूद दो युवक भागने लगे। दोनों को भागते देख पुलिस को शक हुआ और पुलिस ने दोनो को खदेड़ कर पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद पुलिस द्वारा उनकी तलाशी ली गयी तो विकास के पास से एक देशी कट्टा तथा नितेश के पास से दो गोली बरामद किया गया। पूछताछ के क्रम में दोनों ने आपराधिक घटनाओं में शामिल रहने तथा शराब तस्करी से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। पुलिस दोनों अपराधकर्मियों से जुड़े मामलों को खंगाल रही है। इस मामले में थानाध्यक्ष के लिखित आवेदन कर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। गश्ती दल में जगन्नाथ प्रसाद संतोष गुप्ता तथा गयूर अली असद के अलावा बड़ी संख्या में शस्त्र बल के जवान शामिल थे।




Recent Comments