सारण/मांझी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रखंड के अलग अलग स्थानों पर कई कार्यक्रम आयोजित किये गए। मांझी पीएचसी मे महिलाओं को कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण किया गया। टीकाकरण को लेकर महिलाओं की पीएचसी पर भारी भीड़ लगी रही। चिकित्सा प्रभारी डॉ रोहित कुमार ने बताया कि कुल 500 महिलाओं को टीका देने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन संख्या बढ़ने के कारण सात बजे तक समय बढ़ा दिया गया है। आदर्श मध्य विद्यालय द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई जिसको बीडीओ नील कमल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उधर मांझी कृषि विज्ञान केंद्र में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कृषि में महिलाओं का योगदान, उद्यमिता, समानता एवं सशक्तिकरण विषय पर आधारित कार्यक्रम का ऑनलाइन उद्घाटन केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी तथा भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली के डिप्टी डायरेक्टर जनरल डॉ एके सिंह के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न हिस्सों से 60 महिलाओं ने भाग लिया। केवीके के अनुभवी कीट वैज्ञानिक डॉ सुरेंद्र कुमार ने महिला दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कृषि के विभिन्न क्षेत्रों में महिला की भागीदारी को और मजबूत करने के लिए उन्हें तकनीकी से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।डॉ तनुजा ने कहा कि महिलाएं विभिन्न तरीकों से घर- परिवार के साथ- साथ अपने आप को आर्थिक रूप से सशक्त बना सकती हैं। उन्होंने पोषण वाटिका, वर्मी कम्पोस्ट, मशरूम उत्पादन एवं घर में हीं रसायन रहित खेती करने के ऊपर जोर दिया। वहीं महिलाओं को पोषण वाटिका व लम्बवत खेती का मॉडल दिखाने के साथ हीं विभिन्न प्रत्यक्षण इकाईयो का भ्रमण कराया गया।
डॉ सौरभ नें महिलाओं से विभिन्न प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन इकाईयों से जुड़कर आमदनी को दुरुस्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। उपस्थित महिलाओं को लौकी, ककड़ी, मिर्ची, बैंगन, टमाटर, अजवाइन, पथ्थर-चट्टा आदि के पौधे भी उपलब्ध कराये गए। वहीं डॉ विजय कुमार ने उनके उपयोग एवं लगाने की विधि की जानकारी दी।