सर्राफा कारोबारियों की जीएसटी कार्यशाला आज
फ़िरोज़ खान
बारां 04 जुलाई। जीएसटी लागू होने के बाद सर्राफा कारोबारियों को किस प्रकार से अपना व्यापार सम्पादित करना है, इसके बारे में बारीकी से जानकारी देने के लिए जिला वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी एवं सर्राफा व्यापारियों की कार्यशाला बुधवार शहर के एक निजी रिसोर्ट फनफूड में रखी गई है। सर्राफा व्यापार संघ अध्यक्ष ललितमोहन खंडेलवाल ने बताया कि पूर्व में सर्राफा कारोबारी अधिकांशतः कम्पोजिशन के तहत अपना कारोबार चलाते थे। अब कई व्यापारी जीएसटी में मर्ज होने के बाद उनके लिए जीएसटी एक नया अनुभव होगा। वहीं बीस लाख से कम का व्यापार करने वाले कारोबारियों को किस तरह अपना व्यापार करना है इन सबकी जानकारी सहित टेक्स के आदान-प्रदान से भी वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी व्यापारियों को जानकारी देंगे। कार्यशाला में जिला वाणिज्य कर अधिकारी कुलदीप गुप्ता, उप वाणिज्य कर अधिकारी दिलीप मीणा तथा कोटा से व्यापारियों को समझाने के लिए आ रहे प्रशिक्षक संबोधित करेंगे एवं व्यापारियों की जिज्ञासाओं का भी जवाब देंगे।