शहरों में 90 फीसदी गायों की मौत की वजह पॉलीथीन, सहारे की दरकार
नकुल बालियान
मुजफ्फरनगर, 06 अप्रैल।​ शहरों में 90 फीसदी गायों की मौत की वजह पॉलीथीन, सहारे की दरकार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में सरकार एक्शन मोड में दिख रही है। योगी सरकार ने अपना पहला ही फैसला अवैध बूचड़खानों को बन्द करने का लिया। जाहिर है योगी ने गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिलाने तथा गऊ हत्या के खिलाफ अपना पहला कदम बढ़ाया है जिससे उनका गऊ प्रेम स्पष्ट दिखता है। योगी ने अवैध बूचड़खानों पर तुरन्त शिकंजा कसते हुए उन्हे बंद करने का आदेश दिया जिसका काफी विरोध भी हुआ। अब योगी सरकार को शहरों में मर रही बेसहारा गायों को भी संज्ञान में लेते हुए उनके संरक्षण का इंतेजाम करना होगा। क्योंकि शहरों में गायों की मृत्यु दर लगातार बढ़ रही है, जिसका प्रमुख कारण शहरों की गंदगी है। शहरों में लगभग 90 प्रतिशत गायों की मृत्यु की बड़ी वजह शहर की गंदगी व पॉलीथीन खाने के कारण हो रही है। साफ-सफाई के लिए सरकार नगर पालिका को बड़ी राशि मुहैया कराती है। लेकिन शहर की स्थिति अभी भी खराब दिखाई देती है। ऐसे में प्रदेश सरकार की ‘क्लीन यूपी, ग्रीन यूपी’ योजना व केन्द्र सरकार के ‘स्वच्छ भारत अभियान’ पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। जनता को उम्मीद है कि प्रदेश सरकार जल्द ही इस विषय पर कुछ निर्णय लेगी। ऐसे में राजधानी लखनऊ की व्यवस्था को भी सूबे के मुखिया को देखना होगा।
नगर के भोपा अड्डा, लिंक रोड, प्रेमपुरी चौराहा, शामली रोड पर काली नदी का पुल पार करते ही, रुड़की रोड पर तथा मुहल्ला आर्य पुरी के नगर पालिका शौचालय पर और नगर के कई अन्य स्थानों पर बड़े कूड़े के ढेर हैं। जो गायों के लिए किसी चारागाह से कम नहीं है। यहां पर कूड़े का ढ़ेर ही इनके दैनिक भोज का मात्र एक साधन है। ऐसे में राजधानी की व्यवस्था को भी योगी सरकार को देखना होगा। मात्र बूचड़खानों को बन्द कराने से सभी समस्याओं का हल नहीं होगा। इस पर प्रदेश सरकार को नीतिगत कार्य करना होगा। प्रदेश के कैटल कोचिंग दस्ते पर कड़ी नजर रखते हुए सख्ती से कार्य करना होगा। ऐसे में प्रदेश के सभी नगरो एवं महानगरों में सड़कों पर घूम रही गायों की देखरेख की व्यवस्था सही करना योगी सरकार के लिए एक चुनौती है। जिसका समाधान जरूरी है।
कूड़ा-पॉलीथीन से भर रहीं पेट
राजधानी में पशुओं की देखरेख की व्यवस्था न होने के कारण गायें कू़ड़ा-कचरा व पॉलीथीन खाने पर मजबूर हैं जिससे उनमें कई प्रकार की जानलेवा बीमारी उत्पन्न हो जाती है। इसके चलते उनकी मृत्यु हो जाती है। शहरों में भी फैल रही गंदगी अनेक बीमारियों को दावत दे रही है जिसके कारण कई प्रकार के संक्रमण रोग फैल रहे हैं। इसका समाधान भी बेहद जरूरी है।