सीवान में अपराधियों ने सीएसपी से लूटे तीन लाख

परवेज अख्तर/सिवान : जिले के सहायक सराय थाना के चांप मोड़ स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी से बाइक सवार बेखौफ अपराधियों ने शुक्रवार की सुबह पिस्टल के बल पर तीन लाख रुपये लूट कर लिये। इस दौरान अपराधी बैंककर्मी का मोबाइल, लैपटॉप व बैग में रखा जरूरी दस्तावेज भी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ जितेन्द्र पांडेय मौके पर पहुंच गए। सीएसपी संचालक मेराज अहमद व कर्मी अफजल इमाम से पूछताछ के बाद एसडीपीओ ने इंस्पेक्टर उमेश कुमार व थानाध्यक्ष कुमार वैभव को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इधर अपराधियों की धड़पकड़ के लिए जिले भर में सघन वाहन जांच के अलावा पुलिस अपराधियों के सभी संभावित ठिकानों पर तबाड़तोड़ छापेमारी कर रही है। सूत्रों ने बताया कि चांप मोड़ स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी में शुक्रवार की सुबह बैंककर्मी अफजल इमाम के अलावा आधा दर्जन महिला ग्राहक मौजूद थीं। इसी बीच दो बाइक पर सवार 6 अपराधी एकाएक सीएसपी पर आ धमके। कर्मी अथवा ग्राहक जबतक कुछ समझ पाते अपराधी बैंक के अंदर प्रवेश कर गए और कर्मी की कनपटी पर पिस्टल सटाकर तिजोरी में रखा 2 लाख 89 हजार रुपया निकाल लिया। इसके साथ ही अपराधी कर्मी का मोबाइल, लैपटॉप व बैग भी लेकर फरार हो गए।