सिवान : राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र दोनों संकट में : डॉ. एसएन मालाकार
#न्यूज़ इनपुट -परवेज़ अख्तर
सिवान :
स्थानीय दारोगा प्रसाद राय महाविद्यालय में शनिवार को मौलाना मजहरुल हक जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इसके मुख्य अतिथि जेएनयू के अंतराष्ट्रीय पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष प्रो. डॉ. एसएन मालाकार, विशिष्ट अतिथियों
में विधान पार्षद प्रो. डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव, जेपीयू के प्रो. डॉ. लालबाबू यादव, प्रसिद्ध गांधीवादी रमेशचंद्र शर्मा, शिक्षाविद जगदीश चौधरी, जेडए इस्लामिया कॉलेज के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. हारुण शैलेंद्र थे। सेमिनार का विषय मौलाना मजहरूल हक का जीवन दर्शन और प्रासंगिकता था। कार्यक्रम की अध्यक्षता जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. हरिकेश सिंह तथा संचालन पूर्व प्राचार्य सुभाषचंद यादव ने किया। पूर्व मंत्री अवध बिहारी चौधरी ने सभी का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि ड़ॉ. एसएन मालाकार ने कहा कि राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र दोनों बहुत संकट में हैं। आजादी के बाद राष्ट्र की कई समस्याओं को सुलझा सकते थे लेकिन सुलझने के बजाए 70 वर्षो में समस्याएं और बढ़ गई हैं। अभिव्यक्ति का संकट है। लोगों को जान गंवानी पड़ रही है। इसमें साहित्यकार, लेखक एवं पत्रकार सभी को अभिव्यक्ति के संकट से जूझना पड़ रहा है। विधान पार्षद प्रो. डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई चंपारण से शुरू हुई थी। इसका नेतृत्व सारण से मौलाना साहब ने किया था। मौलाना साहब गांधी जी के सबसे करीबी थे।
लालबाबू यादव ने कहा कि हिंदुस्तान में निश्शुल्क शिक्षा की शुरुआत मौलाना साहब ने की थी। गांधी के बड़े भाई की भूमिका भी मौलाना साहब ने निभाई है। लंदन में गांधी ने मौलाना साहब को बड़े भाई कहकर संबोधित किया था।
अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति हरिकेश सिंह ने कहा कि देश की आजादी में जिन स्वतंत्रता सेनानियों ने अपनी जान को न्योछावर किया है, देश उन्हें कभी नहीं भूल सकता है। देश के 10 शीर्ष व्यक्तियों में मौलाना साहब एक हैं। ऐसे महापुरुष को याद कर उनको कुछ नहीं देते हैं। उनके चित्र के सामने जाते ही हमारा चित्त पवित्र हो जाता है। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. रामसुंदर चौधरी ने किया। मौके पर राजद जिलाध्यक्ष परमात्मा राम, डॉ. अजय कुमार पंडित, डॉ. उदय शंकर पांडेय, डॉ. सीडी चौधरी, ब्रजदेव सिंह यादव, रामसुंदर चौधरी, मानिक चंद राय, अशोक मिश्रा समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।




Recent Comments