• यूपी में हमने बुलडोजर से रौंद-रौंद कर ऐसे माफियाओं का कचूमर निकाल करके यूपी की धरती से जहन्नुम के रास्ते खोल दिए हैं।
  • बिहार व भारत को विकसित करने के लिए भाजपा-एनडीए की सरकार जरूरी।

परवेज अख्तर/सीवान। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे स्टार प्रचारकों का दौरा तेज हो गया है। इस क्रम में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ शहर के गांधी मैदान में आयाेजित एनडीए की चुनावी सभा को संबोधित किया। हालांकि कार्यक्रम के दाैरान लगातार वर्षा हो रही थी, बावजूद इसके समर्थकों का उत्साह कम नहीं हुआ। अपने संबोधन में सीएम योगी आदित्य नाथ ने कहा कि राजद के समय में बिहार के अंदर अपराध और अपहरण एक उद्योग बन चुका था। बिहार के अंदर किस प्रकार की अराजकता, गुंडागर्दी और परिवारवाद हावी थी, एक ही परिवार के नातेदार-रिश्तेदार पूरे बिहार को रौंदने का काम कर रहे थे। युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा कर रहे थे। मानव तो दूर पशुओं का चारा हजम करके नौजवानों के सामने भीषण संकट खड़ा कर दिया। विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल सत्ता की नहीं, बल्कि अस्मिता और विकास की लड़ाई है। बिहार की आन-बान-शान और गौरवशाली परंपरा को पुनर्प्रतिष्ठा प्रदान करने की लड़ाई है। बिहार को फिर से स्वर्ण युग की ओर ले जाने की लड़ाई है। सीएम योगी ने राजद व कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इनके शासनकाल में बिहार को अपराध और अपहरण की पहचान मिली। नौकरी के बदले जमीन पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में युवाओं को नौकरी तो नहीं मिलेगी, लेकिन उसके बदले नौकरी के नाम पर जमीन पर कब्जा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं दो दिन पूर्व रघुनाथपुर में आया था, क्योंकि एक खानदानी माफिया वहां पर फिर से कब्जा करना चाहता है। यूपी में हमने बुलडोजर से रौंद-रौंद कर ऐसे माफियाओं का कचूमर निकाल करके यूपी की धरती से जहन्नुम के रास्ते खोल दिए हैं। कहा कि जैसे यूपी में पेशेवर अपराधी सपा के शागिर्द हैं, ऐसे ही बिहार में अपराधी आरजेडी और कांग्रेस के शागिर्द हैं, इन्हें पनपने नहीं देना है। ये जब भी आगे बढ़ेंगे ये गरीब के हक पर डाका डालेंगे, बहन बेटियों की सुरक्षा पर सेंध लगाएंगे। रोजगार को छीनने का काम करेंगे। किसानों की खुशहाली को रौंदने का काम करेंगे। यही अपील करने मैं आपके बीच आया हूं।कार्यक्रम में महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सांसद विजय लक्ष्मी देवी, यूपी सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, पूर्व सांसद ओम प्रकाश यादव, पूर्व विधान पार्षद मनोज कुमार सिंह, बीजेपी जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी, जदयू के जिलाध्यक्ष चंद्रकेतु सिंह, लोजपा के जिलाध्यक्ष महादेव पासवान, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिलाध्यक्ष अब्दुल रिजवान, संजय कुमार पांडेय, मुकेश कुमार बंटी सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।