परवेज अख्तर/सिवान
जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में शिरोमणि संत रविदास की जयंती मनाई गई। इसी क्रम में शनिवार को शहर के गोपालगंज मोड़ स्थित आंबेडकर स्मृति पार्क में संत रविदास की 644वीं व आधुनिक काल के स्वच्छता के प्रतीक संत गाडगे की 145वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। सदर विधायक अवध बिहार चौधरी, दरौली विधायक सत्यदेव राम व जिला परिषद अध्यक्ष संगीता यादव ने संयुक्त रूप से संविधान निर्माता भारतरत्न बोधिसत्व बाबा साहब डाॅ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर व पंचशील ज्ञानदीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्धाटन किया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए सदर विधायक ने कहा कि संत रविदास ने समाज में व्याप्त विसंगतियों और एक-दूसर के बीच पनपी सामाजिक खाई को मिटाने का काम किया। श्रम शक्ति के बल पर एक बेहतर समाज के निर्माण के लिए उन्होंने जो सपना देखा था, उनके बताए मार्ग पर चलकर हम उनके सपने के समाज का निर्माण कर सकते हैं। विधायक सत्यदेव राम ने कहा कि संत रविदास और संत गाडगे दोनों समतावादी संत थे। दोनों संत समाज में समता, स्वतंत्रता, बंधुता एवं न्याय हेतु बुद्ध के मार्ग को स्थापित करने हेतु आजीवन संघर्ष करते रहे। आचार्य रवि ने मंच का संचालन किया। लोकगायक रामस्नेही दास ने भजन प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मौके पर विधायक हरिशंकर यादव, राजद विधायक सह पूर्व विधान पार्षद परमात्मा राम, धम्म गुरु राजदेव बौद्ध, डा. एमआर रंजन, डा. इंद्रमोहन कुमार, ललन कुमार, भीम आर्मी एकता मिशन के जिलाध्यक्ष दीपक सम्राट, कोषाध्यक्ष रवि रतन, सचिव रामसागर पासवान, कोषाध्यक्ष संयोग रविदास, प्रो. विरेंद्र प्रसाद यादव, उषा बाैद्ध, मीना बौद्ध, डा. सुशीला कुमारी, डाॅ. राजीव कुमार रंजन, डा. एसके अमन, गणेश राम, जय प्रकाश समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। वहीं दूसरी ओर चांप स्थित जिला भाजपा कार्यालय पर अनुसूचित जाति के जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार मांझी के नेतृत्व में शिरोमणि संत रविदास की जयंती मनाई गई। इस दौरान उनके तैलचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। मौके पर जिला उपाध्यक्ष शर्मानंद राम, जिला महामंत्री हरेंद्र कुशवाहा, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक बबलू साह, नगर अध्यक्ष गणेश कसेरा, नगर अध्यक्ष गोविंद बासु, अनिल कुमार राम समेत अन्य सदस्य उपस्तिथ थे।




Recent Comments