सारण :वृद्धा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, जनवितरण प्रणाली योजना  सहित अन्य योजनाओं में व्यापक धांधली बरते जाने के  खिलाफ  आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रखंड मुख्यालय परिसर पर विरोध प्रदर्शन 
अमनौर /सारण 

राशन किरासन, वृद्धा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनवितरण प्रणाली योजना सहित अन्य योजनाओं में व्यापक धांधली बरते जाने के खिलाफ सैकड़ों की संख्या में महिला व पुरूषों ने प्रखंड मुख्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन किया. बुधवार को भ्रष्टाचार जन सुधार कमिटी के बैनर तले आयोजित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन में अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई . उक्त कमिटी के अध्यक्ष डॉ अनिल प्रसाद कुशवाहा व सचिव रजनीश राय के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन कर रहे धन्ना देवी, रेखा देवी, शिव जी साह, सत्येंद्र तिवारी, अखिलेश गुप्ता, लक्ष्मण साह, शिलानाथ कुशवाहा, चमकम तिवारी, द्वारिका गोसाईं, आसरा खातुन, पवित्री कुंअर, देवंती कुंअर, बचीया देवी, पार्वती कुंअर, सुशीला देवी आदि लोगों  ने कहा कि राशन किरासन वितरण में धांधली बरती जा रही है वहीं  वृद्धा पेंशन की राशि का भुगतान भी आजतक खाते में नहीं आई है. जिसके लिए मुखिया से लेकर अधिकारियों तक का चक्कर लगा लगा कर थक चुके हैं. प्रखंड कार्यालय से लेकर अंचल, स्वास्थ्य कार्यालय दलालों का अड्डा बन गया है. जिस कारण स्वास्थ्य व्यवस्था, कृषि व्यवस्था से लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना में कर्मचारियों व अधिकारियों द्वारा अनियमितता बरती जा रही है. कोई अधिकारी इसका समाधान के लिए तैयार नहीं दिखते हैं. शिकायत करने पर रोज नये – नये बहाना बनाकर इंतजार करने को कहते हैं. कोई अधिकारी शिकायत सुनने को तैयार नहीं होते. कमिटी के अध्यक्ष   डॉ. अनिल प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि इसके पूर्व भी 11 दिसम्बर को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया था. उस समय प्रभारी बीडीओ बीरबहादुर पाठक द्वारा एक सप्ताह का समय मांगा गया था कि उस वक्त तक उपरोक्त समस्याओं का समाधान कर लिया जाएगा. बावजूद एक सप्ताह से अधिक हो गया मगर समस्या वहीं का वहीं है. मौके पर बीडीओ व सीओ नहीं होने से नाराज लोगों ने   जिलाधिकारी सारण से इस बाबत फोन से बात कर उपरोक्त समस्याओं से अवगत कराया. प्रर्दशनकारियों ने बताया कि जल्द सुधार नहीं हुए तो अगले बार से तालाबंदी कार्यक्रम चलाया जाएगा.