छपरा सारण: जिले के दरियापुर प्रखंड अंतर्गत मानपुरा पंचायत के मठिया गांव में बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए रविवार को एक विशेष राहत शिविर का आयोजन किया गया। सांसद राजीव प्रताप रूडी की प्रेरणा से आयोजित इस अभियान के तहत करीब 300 बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री बांटी गई।

रविवार को अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल, मस्तीचक के सौजन्य से और भाजपा नेता सह सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में यह राहत सामग्री वितरित की गई। राहत पैकेट में चूड़ा, मीठा, सरसों तेल, सत्तू, चायपत्ती और मैगी जैसी दैनिक उपयोग की आवश्यक खाद्य वस्तुएं शामिल थीं, जिससे संकट की इस घड़ी में लोगों को भोजन की समस्या से राहत मिल सके।

इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह ने कहा कि यह समय राजनीति का नहीं, बल्कि मानवता की सेवा करने का है। सांसद रूडी के मार्गदर्शन में जरूरतमंदों तक लगातार सहायता पहुंचाई जा रही है। संकट की इस स्थिति में सभी को आगे आकर पीड़ितों का सहयोग करना चाहिए।

राहत सामग्री मिलने से बाढ़ पीड़ितों के चेहरे पर संतोष और राहत साफ झलक रही थी। ग्रामीणों ने सांसद राजीव प्रताप रूडी, राकेश सिंह और अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में मिथलेश महतो, जितेंद्र गिरी, संजीत सिंह और टोनू सिंह सहित कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।