
छपरा। जिले में जहरीली शराब कांड का मास्टरमाइंड राजेश सिंह उर्फ डॉक्टर एवं उनके अन्य सहयोगी सोनू गिरी, शैलेन्द्र राय, संजय महतो एवं अर्जुन महतो को गिरफ्तार कर लिया गया हैं। इस बात की जानकारी देते हुए सारण एसपी संतोष कुमार ने कहा कि मामले की जांच में खुलासा हुआ है कि राजेश सिंह द्वारा विभिन्न होम्योपैथिक दवा व रसायन को उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरो से सारण जिला में ट्रांसपोर्ट एवं अन्य माध्यमो से फर्जी नाम पता पर मंगाया जाता था तथा इससे शराब निर्माण कर आपूर्ति की जाती थी।राजेश सिंह एवं उसके सहयोगी सोनू गिरी जप्त स्कॉर्पियो एवं अन्य साधनों से उक्त होम्योपैथिक दवा व रसायन को ले जाकर करते थे शराब का निर्माण। राजेश सिंह ने हरियाणा में कम्पाउण्डर के रूप में स्प्रीट का प्रयोग कर जख्मों का इलाज करने के दौरान होम्योपैथिक दवा एवं रसायन से शराब बनाने का गुर सीखा। राजेश सिंह एवं अन्य सहयोगियों के द्वारा उक्त होम्योपैथी दवा / रसायन एवं उससे निर्मित शराब का मशरख, इसुआपुर सहित अन्य थाना क्षेत्रों मे आपूर्ति की जाती थी।राजेश सिंह के सहयोगी मिलावटी शराब के सेवन से बीमार हुए वितरणकर्ता संजय महतो की निशानदेही पर इसुआपुर थाना के डोईला गांव से विभिन्न प्रकार के होम्योपैथिक दवा एवं रसायन का सैकड़ो खाली एवं बचे हुए दवा रसायन सहित बोतल बरामद हुआ। वही संजय महतो के निशानदेही पर बरामद होम्योपैथिक दवा एवं रसायन का विधि विज्ञान प्रयोगशाला से जाँच कराया जा रहा है। मामले में बताया गया कि अवैध स्प्रीट सप्लाई एवं अन्य मामलों मे राजेश सिंह एवं शैलेन्द्र राय कई बार जेल जा चुका है। मानवीय एवं तकनीकि के बेहतर उपयोग से प्रोफेशनल तरीके से अनुसंधान कर इस घटना से सम्बंधित कांडो का गठित एस०आई०टी० द्वारा सफल उद्भेदन किया गया।
घटित घटना के कुछ दिनों तक इसुआपुर, मशरख एवं अमनौर तथा अन्य थानों में मिलावटी शराब पीने से संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यू एवं बीमार होने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक, सारण द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए श्री अंजनी कुमार अपर पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सौनपुर के नेतृत्व में एस०आई०टी० का गठन कर त्वरित कार्रवाई प्रारंभ किया गया। उपरोक्त घटित घटना के संदर्भ में मशरख थाना कांड सं0-583 / 22 दिं०-14.12.22 एवं इसुआपुर थाना कांड सं0-280 / 22 दि0-14.12.22 तथा अन्य थानों में कांड दर्ज कर त्वरित अनुसंधान एवं छापामारी प्रारंभ किया गया। अनुसंधान एवं छापमारी कर उपरोक्त घटना में संलिप्त 09 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर पूर्व में जेल भेजा जा चुका है।




Recent Comments