सारण जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक तरीके से साथ मनी बकरीद
छपरा/एकमा (सारण) : एकमा नगर पंचायत बाजार समेत ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार पारंपरिक श्रद्धा व उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह होते ही नमाजी निर्धारित समय के पूर्व ही ईदगाहों व मस्जिदों में पहुंच गए तथा नमाज अदा कर अल्लाह-त-आला से देश में अमन-चैन व आपसी भाईचारा बनाए रखने की दुआ मांगी।
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। इधर ईदगाहों व मस्जिदों पर नमाजियों को ईद की मुबारकबाद देने के लिए हिंदू भाई भी काफी संख्या में पहुंचे व गले मिल कर बधाई दी। जगह-जगह नमाज स्थल पर लगे मेलों में बच्चों ने खूब खरीदारी की।
इस बीच शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस प्रशासन दल बल के साथ तैनात रहा। नमाज अदा करने के बाद बकरों की कुर्बानी दी गई और गोश्त का बंटवारा कर खाने-खिलाने का क्रम दिनभर चलता रहा।
एकमा के अलावा चनचौरा, कटोखर, परसागढ़, महम्मदपुर, रसूलपुर, चकमीरा आदि स्थानों पर स्थित ईदगाह व जामा मस्जिदों में ईद उल अजहा की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। इन इलाको में बकरीद सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया।




Recent Comments