गोपालगंज:- सप्ताह के एक दिन जिलाधिकारी अरशद अजीज किसी एक पंचायत में चौपाल लगा कर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। 16 अक्टूबर को कटेया प्रखंड के पटखौली पंचायत में चौपाल सह विकास शिविर लगाकर इस पहल की शुरुआत की जाएगी। इस चौपाल में जिलाधिकारी के साथ ही जिले के सभी विभाग के वरीय पदाधिकारी भी शामिल होंगे। चौपाल में लोगों की समस्याएं सुनने के साथ ही सरकार से संचालित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। रविवार की देर शाम जिलाधिकारी अरशद अजीज ने अपने आवासीय कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान दिया। उन्होंने कहा कि सरकार आम लोगों के लिए सैकड़ों योजना चला रही है। इन योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाने का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब योजनाओं का लाभ सभी लोगों तक पहुंचे इसके लिए नई पहल की गई है। इस पहल के तहत सप्ताह में एक दिन जिले के किसी न किसी पंचायत में चौपाल सह विकास शिविर लगाया जाएगा। इस शिविर में आम लोगों की समस्या सुन उसका निपटरा करने के साथ ही सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार विधवा महिलाओं के लिए भी कई योजनाएं चल रही है। उन योजनाओं का लाभ पूरे जिले में किसी को नहीं मिल सका है। ऐसी योजनाओं का लाभ भी पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शराब बंदी कानून लागू होने के बाद भी जिले में शराब तस्करी व बिक्री चरम पर रहा है। इसको लेकर भी अभियान चलाया जाएगा। बलथरी चेक पोस्ट पर उत्तर प्रदेश से आने वाले सभी वाहनों की जांच पड़ताल करने की व्यवस्था और मजबूत की जा रही है। इसके साथ ही बीच-बीच में चेक पोस्ट पर एक साथ सैकड़ों कर्मियों को तैनात कर वाहनों की जांच पड़ताल भी की जाएगी। ताकि शराब की तस्करी पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके।