मढ़ौरा(सारण)। शुक्रवार को अनुमंडल कार्यालय प्रकोष्ठ में दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक एसडीओ योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई । बैठक में कोरोना संक्रमण के परिपेक्ष्य में राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देश का पालन करने की बात कही गयी । पूजा को लेकर सभी पूजा पंडाल को लाइसेंस प्राप्त करने और विसर्जन की तिथि और रुट चार्ट को लिखित रुप से जानकारी देने को कहा । वही एसडीओ ने स्पष्ट किया कि प्रतिमा स्थापना, मूर्ति विसर्जन, प्रदूषण नियंत्रण, लाउडस्पीकर सहित विभिन्न वाद्य यंत्रों एवं पटाखों के उपयोग पर नियंत्रण संबंधी निर्देशो का शत-प्रतिशत अनुपालन करेंगे। बैठक में एसडीपीओ इन्द्रजीत बैठा, डीसीएलआर रविशंकर शर्मा, नपं ईओ मुकेश कुमार भी उपस्थित रहे।

पूजा पंडालों में नही बजेगा डीजे :

पूजा पंडालों में डीजे नहीं बजाने की सख्त चेतावनी दी गई है । इसके बावजूद पूजा पंडाल में डीजे बजाने की शिकायत प्राप्त होती है तो कार्रवाई की जाएगी। त्योहार को शांतिपूर्ण और साम्प्रदायिक सद्भाव के वातावरण मे मनाने हेतु एसडीओ ने अनुमंडल के सभी थाना और अंचल से जरुरी जानकारी प्राप्त किए ।कहा कि दुर्गा पूजा के लिए लगने वाले पूजा पंडाल, जुलूस, रावण वध, मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि की स्वीकृति पृ्र्व से लेनी होगी । पूजा समितियों को प्रतिमा विसर्जन के रूट चार्ट का संधारण सक्षम अधिकारियों से कराने के लिये निर्देशित किया गया।

पूजा पंडालों को देना होगा आवेदन :

अनुमंडलाधिकारी योगेंद्र कुमार ने अनुमंडल क्षेत्र संवेदनशील स्थलों की जानकारी प्राप्त कर उन्हे चिन्हित किया । पूजा समिति को सत्यापन कर लाइसेंस की अनुशंसा शनिवार तक पूरा करने का निर्देश सम्बंधित सीओ और थाना अध्यक्ष को दिया। पूजा को लेकर सभी थानाध्यक्ष अपने स्तर से चौकीदार, दफादार, सिपाही, हवलदार की प्रतिनियुक्ति करने का निदेश देगे । पहले से विवादित रहे स्थानों पर पहले से बैठक कर पुरी निगरानी रखने को कहा ताकि विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो सकें।

एसडीओ ने जारी किया बेसिक फोन नम्बर:

बैठक में सुरक्षित घाटों पर ही प्रतिमा विसर्जन का पूजा समितियों को निदेश दिया गया । वही पंचायत चुनाव और पूजा को लेकर थानाक्षेत्रों में गश्ती को बढ़ाने व चेक पोस्ट पर पुलिस प्रतिनियुक्ति करने को कहा गया। विधि वयावस्था संधारण हेतु अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है ।  एसडीओ ने दूरभाष संख्या-06159
299938 जारी करते हुए किसी तरह की सूचना उपलब्ध कराने की बात कही । बैठक में मढ़ौरा सीओ रविशंकर पांडे के साथ मशरक, तरैया, पानापुर, अमनौर, भेल्दी, इसुआपुर के सीओ के साथ अनुमंडल के सभी थाना के एसएचओ और कई पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित थे।

मढ़ौरा थानाध्यक्ष द्वारा फोन नहीं रिसीव करने की मिली शिकायत

बैठक में ही एक व्यक्ति ने एसडीओ द्वारा सुझाव व शिकायत पूछे जाने पर मढ़ौरा थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार के विरुद्ध मोबाइल नहीं रिसीव करने की शिकायत की।जिसको लेकर कई एसडीओ ने कहा कि सभी अधिकारियों को मोबाइल कॉल रिसीव करना चाहिए और इसके लिए निर्देशित किया कि हर हाल में आम लोगों की बात को सुना जाना चाहिए।बहुत सी समस्या सुनने से भी हल हो जाती है।वही कहा कि अधिकारियों को बहुत समय व्यस्तता भी रहती है लेकिन  कॉल रिसीव करने पर समस्या की गंभीरता की तो जानकारी प्राप्त हो जाएगी, समस्या की गंभीरता के हिसाब से अधिकारी लोगों की बातों को सुनेंगे।

मढ़ौरा गढ़देवी मंदिर में पर्याप्त रोशनी व पानी की व्यवस्था करने का निर्देश :

मढ़ौरा गढ़देवी मंदिर में रोशनी पानी व शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए बैठक में मौजूद सीओ रविंशंकर पांडेय और कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार को निर्देशित किया गया और कहा गया कि मंदिर प्रबंधन से बात कर के रोशनी, पानी और शौचालय आदि की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराएं।ताकि नवरात्रि में प्रतिदिन मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को कठिनाई नहीं महसूस हो।वही थानाध्यक्ष को पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति के लिए एसडीओ द्वारा कहा गया।