दैनिक खोज खबर/भेल्दी(सारण)। शिवम त्याकांड के विरोध में मंगलवार को छपरा– मुजफ्फरपुर एनएच-722 पर भेल्दी चौक के समीप हुए सड़क जाम, पुलिस वाहन पर पथराव और पुलिस से झड़प के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। भेल्दी थाना में इस घटना को लेकर एक प्राथमिकी दर्ज करायी गई है जिसमें
41 लोगों को नामजद अभियुक्त व 400 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सड़क जाम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कानून-व्यवस्था भंग की, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की तथा पुलिस की तीन गाड़ियों में तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इसी को लेकर भेल्दी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मंगलवार की देर रात पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाते हुए भेल्दी पंचायत के मुखिया व अमनौर विधान सभा क्षेत्र के जनसूराज के पूर्व प्रत्याशी राहुल कुमार सिंह को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावे पटराही कला गांव के जियान उर्फ गुड्डू कुमार, उमरपुर गांव के रोहित कुमार गुप्ता, अपहर के मुन्ना राम, अर्जुन राम, भेल्दी चौमास के प्रिंस कुशवाहा उर्फ विनोद को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जाम और उपद्रव के दौरान बनाए गए वीडियो फुटेज और फोटो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है और लगातार छापेमारी जारी है।
उल्लेखनीय है कि शिवम हत्याकांड के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्वजन भेल्दी चौक पर जुट गए थे और शव रखकर एनएच-722 को जाम कर दिया था। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया, जिससे पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा। वरीय अधिकारियों की मौजूदगी में घंटों बाद जाम समाप्त कराया गया था।मुखिया की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जाहिर की है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि जाम, उपद्रव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अन्य नामजद अभियुक्त भागे फिर रहे हैं।




Recent Comments